हाथियों का उत्पात जारी, घर को तोड़ खाया अनाज
टाटीझरिया प्रखंड में जंगली हाथियों का आतंक बढ़ता जा रहा है। 30 हाथियों का झुंड क्षेत्र में तबाही मचा रहा है, जिसमें 22 हाथी दारू प्रखंड में और 6 खैरा पंचायत में हैं। एक हाथी ने खंभवा निवासी महिला की...

टाटीझरिया, प्रतिनिधि। टाटीझरिया प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों जंगली हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। लगभग 30 हाथियों का एक बड़ा झुंड क्षेत्र में दहशत फैला रहा है। इनमें से 22 हाथी दारू प्रखंड क्षेत्र में तबाही मचाते हुए किसी अन्य क्षेत्र की ओर चले गए हैं, जबकि 6 हाथियों का एक झुंड खैरा पंचायत में कहर बरपा रहा है। वहीं, एक जंगली हाथी प्रखंड के अमनारी जंगल में उत्पात मचा रहा है, जिसने खंभवा निवासी एक महिला की जान भी ले ली है। खैरा पंचायत के सिमराढाव के भांजी टोला में गुरुवार की रात इन छह हाथियों ने रंजीत कुमार के घर की चारदीवारी ध्वस्त कर दी।
उन्होंने घर में घुसकर चावल और महुआ खा लिया तथा विनोद महतो के घर को भी नुकसान पहुंचाया। साथ ही कटहल, बांस और आम के पेड़ों को भी नष्ट कर दिया। खैरा गांव के बांध के समीप कामेश्वर महतो की चारदीवारी और अशोक महतो का दरवाजा भी तोड़ दिया गया। समाचार लिखे जाने तक यह छह हाथियों का दल खैरा जंगल में ही डेरा जमाए हुए है। इधर, एक अलग हाथी हरदिया गांव में प्रवेश कर शिवराम मांझी के खेत में लगी मक्का की फसल को नष्ट कर गया। प्रभावित ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मुआवजे की मांग की है। टाटीझरिया प्रखंड क्षेत्र में शाम होते ही हाथियों के भय का असर ग्रामीणों के चेहरों पर साफ झलकने लगता है। लोग रतजगा करने को मजबूर हैं। घरों में महिलाएं और बच्चे भय के कारण चैन से सो भी नहीं पा रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।