संविधान के दुश्मनों से आर-पार की लड़ाई लड़ने को तैयार है कांग्रेस: डॉ इरफान अंसारी
-रांची की धरती पर उमड़ेगा जनसैलाब, सत्ता के घमंड को चकनाचूर करेंगे: बादल पत्रलेख।03 मई को रांची के धुर्वा मैदान में होने वाली संविधान बचाओ रैली की तैय

संविधान के दुश्मनों से आर-पार की लड़ाई लड़ने को तैयार है कांग्रेस: डॉ इरफान अंसारी -रांची की धरती पर उमड़ेगा जनसैलाब, सत्ता के घमंड को चकनाचूर करेंगे: बादल पत्रलेख।
-जामताड़ा से कांग्रेस का एलान-संविधान पर हमले करने वालों को करारी शिकस्त देंगे।
जामताड़ा,प्रतिनिधि।
03 मई को रांची के धुर्वा मैदान में होने वाली संविधान बचाओ रैली की तैयारी को लेकर रविवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक हुई। जिसमें जामताड़ा जिला से कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को रांची ले जाने को लेकर चर्चा हुई। वहीं बैठक में मुख्य रूप से पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख एवं पूर्व सांसद फुरकान अंसारी शामिल रहे। मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने भाजपा पर सीधा हमला करते हुए कहा की भाजपा संविधान को चीरहरण करने पर तुली है। भाजपा के नेता सुप्रीम कोर्ट जैसी सर्वोच्च संस्था पर उंगली उठा रही है,जो लोकतंत्र का गला घोंटने की साजिश है। कहा कि संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी ने जामताड़ा से रणभेरी बजा दी है। कहा कि अब देश चुप नहीं बैठेगा। संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस अंतिम सांस तक लड़ेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि संविधान पर हमला हुआ, तो कांग्रेस सड़क से संसद तक हल्ला बोल देगी। कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि वे हर गली, हर गांव, हर बूथ पर जाकर भाजपा के लोकतंत्र-विरोधी चेहरे को बेनकाब करें और जनता को इस संघर्ष का हिस्सा बनाएं।
मौके पर पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने कहा कि भाजपा देश को तानाशाही की ओर धकेल रही है। संविधान और लोकतंत्र को कुचलने की हर साजिश का मुंहतोड़ जवाब देंगे। कहा कि बाबा साहेब के बनाए संविधान को बचाना हमारी पहली जिम्मेवारी है। कांग्रेस कार्यकर्ता हर गली-गांव में अलख जगाएंगे। कहा कि 03 मई की रैली से शुरू होगी नई क्रांति, भाजपा के झूठ का पर्दाफाश होगा।
संविधान पर गिद्ध दृष्टि डालने वालों को झारखंड की धरती से मिलेगा जवाब:
मौके पर पूर्व मंत्री बादल ने कहा कि अगर संविधान बचाना है तो अब आर-पार की लड़ाई लड़नी होगी। भाजपा देश को मनमानी की आग में झोंकना चाहती है, लेकिन कांग्रेस उसे माफ नहीं करेगी। यह सिर्फ रैली नहीं, जनक्रांति की शुरुआत है। कहा कि हम संविधान पर गिद्ध दृष्टि डालने वालों को झारखंड की धरती से जवाब देंगे। 03 मई को रांची में उमड़ने वाली जनसैलाब सत्ता के सिंहासन को हिला देगा। मौके पर जिला अध्यक्ष दीपिका बेसरा, कार्यकारी अध्यक्ष विजय दुबे, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रभु मंडल सहित अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फोटो जामताड़ा 05: सोमवार को जामताड़ा में कांग्रेस पार्टी के बैठक को संबोधित करते मंत्री डॉ इरफान अंसारी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।