झारखंड में बर्फीली हवाओं का सितम, सात दिन में 7 डिग्री गिरा पारा; 5 जनवरी से मौसम में बदलाव
Jharkhand Weather: सर्द हवाओं की वजह से रांची समेत राज्यभर में पिछले एक सप्ताह के दौरान सात डिग्री तक पारा नीचे गिरा है। इससे कनकनी और बढ़ गई है। 25 दिसंबर को रांची का न्यूनतम पारा 13.7 डिग्री था, जो दो जनवरी को 6.6 पर पहुंच गया।

Jharkhand Weather: सर्द हवाओं की वजह से रांची समेत राज्यभर में पिछले एक सप्ताह के दौरान सात डिग्री तक पारा नीचे गिरा है। इससे कनकनी और बढ़ गई है। 25 दिसंबर को रांची का न्यूनतम पारा 13.7 डिग्री था, जो दो जनवरी को 6.6 पर पहुंच गया। वहीं 25 दिसंबर को गुमला का न्यूनतम पारा 12.8 डिग्री था, जो दो जनवरी को 5.2 डिग्री पर आ गया। गुरुवार को कांके का न्यूनतम पारा 4.4 डिग्री जबकि मैकलुस्कीगंज का छह डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले दो दिनों तक ठंड का यह मिजाज बरकरार रहेगा। पांच जनवरी के बाद न्यूनतम तापमान में वृद्धि के आसार हैं, इसके बाद थोड़ी राहत की उम्मीद है।
झारखंड में उत्तर पश्चिम दिशा से आ रही सर्द बर्फीली हवा के कारण ठंड में लगातार वृद्धि जारी है। सुबह के कोहरे के बाद राज्य में फिलहाल दिनभर मौसम पूरी तरह से साफ रह रहा है। इस वजह से बर्फीली हवा के रुख में परिवर्तन के आसार न के बराबर हैं। मौसम केंद्र के अनुसार, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादल छाने पर राज्य में पांच जनवरी से बदलाव हो सकता है।
बर्फीली हवा का जारी रहेगा प्रकोप
झारखंड में उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही बर्फीली हवा के कारण ठंड में लगातार वृद्धि जारी है। मौसम केंद्र के अनुसार, सुबह के कोहरे के बाद राज्य में फिलहाल दिनभर मौसम पूरी तरह से साफ रह रहा है। इस वजह से बर्फीली हवा के रुख में परिवर्तन के आसार न के बराबर हैं। हवा की रफ्तार बढ़ने पर ठंड में और वृद्धि हो सकती है। गुरुवार को रांची समेत 14 शहरों का तापमान 10 डिग्री या इससे नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादल छाने पर राज्य में पांच जनवरी से मौसम में बदलाव हो सकता है। हालांकि हवा की गति धीमी या शांत रहने पर ही दिन के दौरान ठंड में मामूली कमी आ सकती है। इधर, राज्य के बड़े शहरों की बात करें तो गुरुवार को गुमला का न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खूंटी का 5.5, सिमडेगा का 5.8 और रांची का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री दर्ज किया गया। क्षेत्र विशेष के न्यूनतम तापमान पर गौर करें तो रांची के कांके का न्यूनतम पारा 4.4 डिग्री जबकि मैकलुस्कीगंज का छह डिग्री दर्ज किया गया। कांके में सुबह हवा की गति 1.4 किमी प्रतिघंटे रिकॉर्ड की गई।
न्यूनतम के साथ-साथ अधिकतम तापमान में भी गिरावट
रांची में केवल पिछले तीन दिन के दौरान न्यूनतम तापमान में आठ डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। बीते एक सप्ताह के दौरान राज्य में न्यूनतम तापमान के साथ-साथ अधिकतम तापमान में भी सात डिग्री तक की गिरावट आई है। यानी अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से नीचे हैं।