भीषण गर्मी के बीच खुशखबरी, झारखंड में कब पड़ेगी मॉनसून की फुहार; IMD ने दिया बड़ा अपडेट
Jharkhand Weather: झारखंड के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 4 दिन बाद मॉनसून पहुंचने की संभावना जताई है।

Jharkhand Weather: मानसून की देरी से झारखंड में उमस भरी गर्मी का सिलसिला जारी है। राज्य के पश्चिमी-उत्तरी भाग के पलामू और आसपास के जिलों में तापमान में उछाल के चलते इन स्थानों पर उमस से लोग परेशान हैं। गुरुवार को पलामू में अधिकतम तापमान 40 तो न्यूनतम 29.5 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने चार दिन बाद मौसम बदलने की संभावना जताई है। इसके बाद प्रदेश में झमाझम बारिश होगी।
हालात ये हैं कि इन जिलों में दिन से लेकर रात तक गर्मी बेचैन किए हुए हैं। वहीं, रांची का अधिकतम तापमान 33.8 और न्यूनतम 23.5 डिग्री दर्ज किया गया। रांची समेत राज्य में आंशिक बादल और कड़ी धूप के कारण अभी अगले 4 दिन तक राहत की उम्मीद नहीं है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक राज्य के विभिन्न जिलों का अधिकतम तापमान 34 से 38 डिग्री के बीच है। पश्चिम बंगाल और उससे सटे जिलों पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, रांची, बोकारो, रामगढ़, धनबाद, साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, जामताड़ा आदि में उमस वाली गर्मी ज्यादा महसूस की जा रही है। दिन में अधिकतम आर्द्रता 46 से 92 फीसद तक बढ़ गई है। हवा में नमी अधिक होने से धूप में गर्मी का अधिक अहसास होता है।
25 से 29 डिग्री के बीच पहुंचा न्यूनतम पारा
रात में न्यूनतम तापमान में भी तीन से चार डिग्री का इजाफा हुआ है। आसमान में हल्के बादल छाए रहने से गर्मी अधिक लग रही है। पलामू का न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री रहा। केवल लातेहार और गुमला में ही 23 डिग्री से नीचे रहा। राज्य के अधिकांश जिलों के न्यूनतम पारा 25 से 29 डिग्री की बीच है। देवघर का तापमान 29 डिग्री के करीब है। इस कारण इन जिलों में उमस वाली गर्मी रात को भी बेचैन किए हुए है।
ऐसा रहा न्यूनतम पारा
पलामू 29.5
देवघर 28.6
गढ़वा 28.1
गोड्डा 27.7
बोकारो 26.6
हजारीबाग 25.5
जमशेदपुर 25.0
रांची 23.5
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि वातावरण में नमी अधिक होने की वजह से राज्यवासियों को अधिक गर्मी का अहसास हो रहा है। यह स्थिति अगले तीन से चार दिनों तक बनी रहेगी। हवा में आर्द्रता बढ़ जाने के कारण गर्मी का अहसास ज्यादा होता है। अगले तीन से चार दिनों तक मौसम बदलाव होगा। 15 से 17 के बीच मानसून प्रवेश की संभावना बढ़ रही है।