दुखन प्रसाद की हत्या की निष्पक्ष जांच हो: प्रतुल
लातेहार के जालिम गांव में भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस ने दुखन प्रसाद सहित कई लोगों की बर्बरता से पिटाई की, जिससे दुखन राम की मौत हो गई।...

लातेहार, प्रतिनिधि। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव शनिवार को लातेहार के सुदूर क्षेत्र में स्थित जालिम गांव पहुंचे। श्री प्रतुल ने पीड़ित परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाया। ग्रामीणों ने शाहदेव को बताया कि जालिम गांव में पुलिस ने दुखन प्रसाद सहित अनेक पुरुष और महिलाओं की बर्बरता से पिटाई की थी। ग्रामीणों ने बताया कि इसी मार के कारण बुजुर्ग दुखन राम की मौत हो गई। परिजनों ने अपने शरीर के चोट के निशान भी दिखाए। प्रतुल ने इस घटना को अत्यंत ही दुर्भाग्यपूर्ण बताया और मांग की कि दुखन राम की हत्या की निष्पक्ष जांच हो। प्रतुल ने कहा कि सादे कपड़े में रात 11 बजे आए पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रतुल ने कहा कि इस घटना को अंजाम देनेवाले पुलिस पदाधिकारी और सिपाहियों पर उनको तत्काल प्रभाव से ड्यूटी से हटाते हुए निलंबित किया जाए। प्रतुल ने कहा कि पुलिस का रात के 11:00 गांव में सादे कपड़ों में घुसना भी पुलिस मैनुअल का भी उल्लंघन है। प्रतुल ने कहा इसके बाद जब आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम किया, तो पुलिस ने उन पर लाठी चार्ज किया है। इस लाठी चार्ज के भी जांच की आवश्यकता है कि क्या इतना कठोर कार्रवाई की आवश्यकता थी या फिर ग्रामीणों को समझा पूछ कर जाम समाप्त किया जा सकता था। प्रतुल ने कहा कि सड़क जाम के मामले में पुलिस में मुकदमा दर्ज करते हुए अनेक निर्दोषों को और दो पत्रकारों को भी अभियुक्त बनाया। प्रतुल ने इस मुकदमे को वापस लेने की मांग की। कहा कि वह इस मुद्दे को लातेहार जिला के पुलिस अधीक्षक एवं उच्च अधिकारियों के सामने भी उठाएंगे। मौके पर लातेहार के पूर्व मंडल अध्यक्ष रितेश प्रसाद, घनश्याम प्रसाद, आशीष शाह देव आदि उपस्थित है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।