बच्चों ने रंगोली बनाकर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
लातेहार में पृथ्वी दिवस का उत्सव मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने रंगोली, नाटक और प्रतियोगिताओं के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वनकर्मियों ने जल संरक्षण के...

लातेहार, प्रतिनिधि। जिले भर में पृथ्वी दिवस का उत्सव मंगलवार को काफी धूमधाम से मनाया गया। सरस्वती विद्या मंदिर लातेहार के वंदना सभागार में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगोली बनाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। विद्यालय के आचार्य कपिल देव प्रमाणिक ने बच्चों को पर्यावरण बचाने के लिए प्रेरित किया। शिक्षिका रजनी नाग ने विकास के साथ-साथ वृक्षारोपण और जल संरक्षण की जरूरत बताई। रंगोली प्रतियोगिता में कक्षा 6 की रानी पलक, कक्षा 7 की श्रेया, जिया, आकांक्षा, अदिति, कक्षा 8 की सौम्या, सोनम, आकांक्षा और कक्षा 9 की चैताली, कोमल, अलका ने भाग लिया। उधी डीएवी पब्लिक स्कूल में विश्व पृथ्वी दिवस कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा 5 तक के सैकड़ों बच्चों ने भाग लिया। बच्चे हरे रंग की पोशाक में पहुंचे। कोई सिर पर पत्तों का मुकुट लगाए था, कोई गले में पत्तों की माला पहने था। विद्यालय में सैंड आर्ट, क्ले आर्ट, स्लोगन राइटिंग, फैंसी ड्रेस, पौधारोपण, कविता वाचन, पोस्टर मेकिंग, वॉल हैंगिंग, पंजा छपाई, रंगोली, चित्रकला और क्विज जैसी प्रतियोगिताएं हुईं। विद्यालय की दीवारों पर स्लोगन और चित्र लगाए गए थे। इनसे बच्चों को प्रकृति संरक्षण का संदेश मिला। बच्चों ने वृक्षों की कटाई रोकने के लिए नाटक भी प्रस्तुत किया। विद्यालय के प्राचार्य घनश्याम कुमार सहाय ने कहा कि हम भारतवासी धरती को माता मानते हैं। हमें इसकी रक्षा करनी चाहिए। मौके पर शिक्षिका अंबिका, रुक्मणि, नेहा, प्रिया, नसरीन, अंचला और शिक्षक प्रभात रंजन, सूरज मिश्रा, अरुण पांडेय, राकेश रंजन तिवारी आदि मौजूद थे। उधर चंदवा प्रखंड के संकुल संसाधन केंद्र काली अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय काली, माल्हन, ढोटी व डूमारो में छात्र-छात्राओं ने पेड़ पौधों की जानकारी के लिए बारकोड बनाया। पृथ्वी दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने संकुल साधन सेवी विकास कुमार की मदद से बारकोड बनाया। बच्चों को संबोधित करते हुए संकुल साधन सेवी विकास कुमार ने बताया कि बारकोड में संबंधित पेड़ पौधों की पूरी जानकारी उपलब्ध रहती है। बच्चे पेड़ पौधे की संपूर्ण जानकारी पौधों के पास लगाए गए बारकोड के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। जल पखवाड़ा के माध्यम से छात्र-छात्राओं में जल संरक्षण को लेकर जागरूकता दी जा रही है। मंगलवार को पृथ्वी दिवस के अवसर पर संकुल संसाधन केंद्र काली में आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता के माध्यम से जल संरक्षण एवं पेड़ पौधों की संरक्षण के लिए छात्र-छात्राओं ने शपथ ली।
जल संरक्षण के लिए वनकर्मियों ने लोगों को किया जागरूक
बेतला में पृथ्वी दिवस का उत्सव मंगलवार को काफी धूमधाम से मनाया गया। मौके पर वनाधिकारियों ने अहले सुबह रैली निकाली और इसमें शामिल वनकर्मियों ने जल संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक करने की कोशिश की। मौके पर पृथ्वी और मानव जीवन के लिए जल की अहमियत बताते पर्यटन अधिकारी विवेक तिवारी, वनपाल संतोष सिंह, रामकुमार,शशांक शेखर पांडेय आदि ने धरती की हरियाली और जीवन में खुशहाली के लिए जल संरक्षण को बेहद जरूरी बताया। वहीं धरती पर जलस्त्रोतों को विकसित करने पर जोर दिया गया। उत्सव में वनरक्षी देवपाल भगत,निरंजन कुमार, सुभाष कुमार, गुलशन सुरीन समेत अधिक संख्या में वनकर्मी-ट्रैकर गार्ड और ईको विकास समिति के लोग शामिल थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।