बारियातू के मजदूर की अरुणाचल में पोकलेन से दबने से हुई मौत
बारियातू के कटईटोला निवासी प्रवासी मजदूर मनोज यादव की मौत अरुणाचल प्रदेश में काम करते समय पोकलेन से दबने से हो गई। उनका शव गुरुवार को बारियातू लाया गया। मनोज ने पत्नी और दो बेटों को पीछे छोड़ा है।...

बारियातू,प्रतिनिधि। थाना क्षेत्र के डाढ़ा पंचायत के कटईटोला निवासी प्रवासी मजदूर मनोज यादव(40)पिता राजेश्वर यादव की मौत अरुणाचल प्रदेश में कार्य करने के दौरान पोकलेन से दबने से बीते मंगलवार को हो गई। मृतक मनोज का शव गुरुवार की सुबह बारियातू पहुंचा। शव के साथ आये मजदूर विकास यादव,उमेश पासवान व राजू राणा ने बताया कि हम सभी अरुणाचल प्रदेश के सियांग जिले के बिच्छू में डेम निर्माण में सरिया सेंट्रिंग का कार्य कर रहे थे। बीते मंगलवार को कार्य के दौरान एक पोकलेन डेम में मिट्टी लेवल का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक पोकलेन के चक्के का चेन धंसने लगा। पोकलेन चालक ने पोकलेन के बोकेट को आनन फानन में नीचे कर पोकलेन को दुर्घटनाग्रस्त होने से बचाने का प्रयास कर ही रहा था कि बोकेट की चपेट में मनोज आ गया। जिसके बाद उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक इलाज के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। तत्पश्चात् कंपनी के मालिक ने एम्बुलेंस की मदद से शव को बारियातू भिजवाया। गुरुवार की सुबह शव जैसे ही बारियातू पहुंचा। परिजनों को पता चला कि शव का पोस्मार्टम नहीं हुआ है। जिसके बाद परिजनों के आग्रह पर थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्मार्टम के लिये लातेहार भेज दिया। मनोज अपने चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। मनोज अपने पीछे पत्नी रेणु देवी दो पुत्र रंजन कुमार (15)व जीवन कुमार (13)छोड़ गया है। इधर मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर घटना की सूचना मिलते ही जिप सदस्य रमेश राम,नंदू उरांव परिजनों से मिलकर ढांढ़स बंधाया। हर संभव मदद का भरोसा भी दिलाया। मजदूरी कराने ले गए राजेश यादव ने बताया कि श्री विजेता कंपनी में मृतक मनोज यादव कार्य कर रहा था। कंपनी के संचालक 4 लाख रुपये मुआवजा भी देने की भी बात कही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।