गुरु अंगद और गुरु अर्जुन देव के प्रकाश पर्व पर सजा विशेष दीवान
रांची में गुरु अंगद देव और गुरु अर्जुन देव के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में नौवें महान कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया। दीवान की शुरुआत स्त्री सत्संग सभा के शबद गायन से हुई। प्रसिद्ध रागी जत्था भाई जसपाल...

रांची, वरीय संवाददाता। गुरुनानक सेवक जत्था और गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा ने शनिवार को गुरु अंगद देव और गुरु अर्जुन देव के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित नौवें महान कीर्तन दरबार में विशेष दीवान सजाया। कृष्णा नगर कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा साहिब में शनिवार की रात आठ बजे दीवान की शुरुआत स्त्री सत्संग सभा की शबद गायन से हुई। हजूरी रागी जत्था भाई महिपाल सिंह जी ने सतगुरु तुमरे काज सवारे..., शबद गायन कर साध संगत को गुरबाणी से जोड़ा। महान कीर्तन दरबार में विशेष रूप से शिरकत करने पहुंचे सिख पंथ के विश्व विख्यात रागी जत्था भाई जसपाल सिंह दिल्ली वाले ने दुख भंजन तेरा नाम जी दुख भंजन तेरा नाम ..., जैसे कई शबद गायन कर साध संगत को निहाल किया।
कथावाचन करते हुए गुरुद्वारा के हेड ग्रंथी ज्ञानी जिवेंदर सिंह ने गुरु अंगद देव जी की जीवनी के बारे में विस्तार से बताया। श्री आनंद साहिब जी के पाठ, अरदास, हुकुमनामा और कड़ाह प्रसाद वितरण के साथ दीवान की समाप्ति रात 12 बजे हुई। मौके पर सत्संग सभा की ओर से रात नौ बजे से गुरु का अटूट लंगर चलाया गया, जिसमें एक हजार श्रद्धालुओं ने एक साथ पंगत में बैठकर गुरु का लंगर चखा।
आज स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी
रविवार को दीवान सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक सजेगा एवं गुरु का अटूट लंगर भी चलाया जाएगा। गुरु नानक सेवक जत्था की ओर से इस मौके पर गुरुद्वारा साहिब के बेसमेंट में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा। शिविर सुबह 11 से शाम चार बजे तक चलेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।