सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा की बैठक में मानदेय बढ़ाने व नियमावली पर चर्चा
साहिबगंज में सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा की बैठक हुई, जिसमें 19 अप्रैल को राज्य कमेटी की बैठक में सभी सदस्यों की भागीदारी का निर्णय लिया गया। उन्होंने समान काम के लिए समान वेतन की मांग की और सरकार पर...

साहिबगंज। सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा की बैठक रविवार को स्थानीय सिदो-कान्हू स्टेडियम में हुई। अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अशोक कुमार साह ने की। निर्णय लिया गया कि आगामी 19 अप्रैल को राज्य कमेटी की बैठक में जिला व प्रखंड कमेटी के सभी सदस्य शामिल होंगे। बैठक में आगे के आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। प्रदेश महासचिव विकास कुमार चौधरी ने कहा की सुप्रीम कोर्ट के न्यायादेश के आधार पर झारखंड सरकार सहायक अध्यापकों को समान काम का समान वेतन दे नहीं तो जोरदार आंदोलन होगा। झारखंड सहायक अध्यापक सेवा शर्त नियमावली कैबिनेट से पारित होने के बाद भी अनुकंपा के आधार पर एक भी मृत सहायक अध्यापकों के परिजन को अभी तक नौकरी नहीं मिली है। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के समय से पारा शिक्षक कल्याण कोष में जमा 10 करोड़ की राशि से अब तक एक भी सहायक अध्यापकों का कल्याण नहीं हो सका है। 20-22 साल तक काम करने के बाद भी पारा शिक्षकों के मरने के बाद कफन का पैसा भी सरकार नहीं दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व शिक्षा मंत्री बैद्यनाथ राम के विभागीय सचिव उमाशंकर सिंह एवं सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा के बीच लिखित समझौते के बाद भी मानदेय में एक हजार की बढ़ोतरी का लाभ नहीं मिला है। जबकि झारखंड के अधिकांश प्राथमिक विद्यालय व मध्य विद्यालय पारा शिक्षकों से चल रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 2019 के चुनाव में किया गया वादा पूरा नहीं किया है। मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र दुबे, जिला सचिव चंदन कुमार सिंह, अनिल यादव, गमाल हेम्ब्रम, जितेंद्र हरि, मोहसिन अजमल, जगदीश मुर्मू लखन लाल, अर्जुन प्रसाद सिंह, लिना मुर्मू, कृष्ण रंजन उर्फ सोनू ओझा, सुभाष पासवान, धर्मराज मंडल, जितेंद्र साह, नंदकिशोर पंडित, गौहर अली, नैमूल हक, अजय कुमार सिंह, उपेंद्र मंडल, चंद्रमा रजक, मंटू यादव आदि थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।