मंईयां सम्मान योजना को लेकर बड़ा ऐलान, आधार लिंक की इस दिन से होगी शुरुआत; लगेगा कैंप
रांची के जिला कलेक्टर मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर रांची जिले में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों के लिए पंचायतवार आधार सीडिंग शिविर का आयोजन किया जाएगा।

रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर रांची जिले में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों के लिए पंचायतवार आधार सीडिंग शिविर का आयोजन किया जाएगा। 29 अप्रैल को सुबह 10 बजे से तीन बजे तक कैंप लगेगा। शहरी क्षेत्रों के लाभुक अपनी संबंधित बैंक शाखाओं में पहुंचकर आधार सीडिंग करवा सकेंगे। यह सुविधा केवल उन लाभुकों के लिए है जिन्हें तीन अप्रैल 2025 या उसके बाद एकमुश्त तीन माह की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना सम्मान राशि (7500 रूपए) मिली हुई है। अब मंईयां सम्मान योजना को लेकर समस्याएं दूर करते हुए आधार लिंक करने के लिए कैंप लगाने की शुरुआत की जा रही है।
इससे पहले मंईयां सम्मान योजना की राशि प्राप्त करने वाले लाभुकों का आधार पहले ही लिंक किया जा चुका है, उन्हें शिविर में आने की आवश्यकता नहीं है। शिविर के सफल संचालन हेतु सभी बीडीओ और सीओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को सभी बैंक शाखाओं को लाभुकों की सूची उपलब्ध कराने और बैंक प्रतिनिधियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश भी जारी किया गया है। विभागीय संकल्प के अनुसार योजना के लाभुकों को अप्रैल-2025 से केवल आधार लिंक्ड सिंगल बैंक खाता के माध्यम से ही सम्मान राशि का भुगतान किया जाना है।
क्या है मंईयां सम्मान योजना
झारखंड विधानसभा चुनावों के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा ने वादा किया था कि उनकी सरकार बनने पर महिलाओं के खाते में 2500 रुपए हर महीने भेजे जाएंगे। सरकार बनने के बाद जेएमएम ने वादा निभाते हुए महिलाओं के खातों में पैसे भेजने भी शुरू कर दिए हैं। इस योजना के तहत 18-50 साल तक की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए भेजा जा रहा है। अब तक महिलाओं के खातों में कई महीने के पैसे भेजे जा चुके हैं। इस दौरान मंईयां सम्मान योजना को लेकर समस्याएं आई हैं। अब आधार लिंक करने की शुरुआत होने वाली है।