चाय की चुस्की खराब कर सकती है सेहत, जानें क्या है सही समय और कब करें परहेज
आयुर्वेद की मानें तो अन्य चीजों की ही तरह चाय पीने के भी कुछ खास नियम होते हैं। जिनका पालन ना करने पर सेहत को नुकसान हो सकता है। इन नियमों के अनुसार आइए जानते हैं चाय पीने का कौन सा समय अच्छा और कौन सा समय गलत होता है।

सुबह का आलस भगाने से लेकर दिनभर की थकान दूर करने तक के लिए अगर आपको भी एक प्याली चाय की जरूरत हमेशा बनी रहती है तो ये खबर आपके लिए है। चाय के शौकीन लोग अकसर चाय पीने का बहाना ढूंढते रहते हैं। फिर चाहे मेहमानों का स्वागत करना हो या फिर शाम को गपशप के साथ टाइम पास करना हो, चाय से उनकी दोस्ती हमेशा बनी रहती है। लेकिन आयुर्वेद की मानें तो अन्य चीजों की ही तरह चाय पीने के भी कुछ खास नियम होते हैं। जिनका पालन ना करने पर सेहत को नुकसान हो सकता है। इन नियमों के अनुसार आइए जानते हैं चाय पीने का कौन सा समय अच्छा और कौन सा समय गलत होता है।
इस समय नहीं करना चाहिए चाय का सेवन
सुबह खाली पेट चाय का सेवन
सुबह खाली पेट चाय का सेवन सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। डॉक्टरों की मानें तो ऐसा करने से व्यक्ति को गैस, एसिडिटी और पाचन से जुड़ी समस्याएं परेशान कर सकती हैं।
भोजन के तुरंत बाद चाय का सेवन
भोजन के तुरंत बाद चाय का सेवन करने से शरीर में आयरन और अन्य पोषक तत्वों का अवशोषण रुक सकता है। बता दें, चाय में टैनिन नामक पॉलीफेनोल होते हैं, जो आयरन से बंध जाते हैं और इसे आंत से रक्त में अवशोषित होने से रोकते हैं। जिन लोगों को एनीमिया की समस्या है, उन्हें खासतौर पर इस आदत से बचना चाहिए।
रात को सोने से पहले चाय का सेवन
रात को सोने से पहले चाय का सेवन आपकी नींद में बाधा डाल सकता है। चाय में मौजूद कैफीन की मात्रा नींद की गुणवत्ता को प्रभावित कर सकती है। अगर आप डिनर के बाद चाय पीना पसंद करते हैं तो हर्बल टी या कैफीन-फ्री चाय का विकल्प चुन सकते हैं।
वर्कआउट से पहले या बाद में चाय
वर्कआउट के पहले या फिर बाद में चाय का सेवन करने से बॉडी डिहाइड्रेट हो सकती है। दरअसल, चाय में मौजूद कैफीन एक मूत्रवर्धक के रूप में काम करके शरीर से तरल पदार्थ को बाहर निकालने में मदद करता है। जबकि वर्कआउट के दौरान पसीने बहाने से भी तरल पदार्थ शरीर से बाहर निकल जाते हैं। ऐसे में वर्कआउट से पहले या बाद में चाय का सेवन डिहाइड्रेशन का कारण बन सकता है।
चाय पीने का सही समय
दोपहर में चाय
दोपहर 2 से 4 बजे के बीच, शरीर में ऊर्जा की कमी महसूस हो सकती है। ऐसे में यह समय चाय पीने के लिए ठीक होता है। इस समय चाय की चुस्की आपकी थकान मिटाकर आपको फ्रेशनेस का अहसास करवा सकती है। लेकिन इस समय आप सीमित मात्रा में कोई हर्बल चाय पी सकते हैं।
कुछ खाकर पिएं चाय
सुबह उठकर नट्स और सीड्स जैसी चीजें खाने के 1-2 घंटे बाद आप चाय पी सकते हैं।
भोजन के एक घंटे बाद पिएं चाय
कुछ खाने के एक घंटे बाद ही चाय का सेवन करें। ऐसा ना करने पर भोजन के पोषक तत्व शरीर में अवशोषित नहीं हो पाते हैं।
2-3 कप चाय
एक दिन में दो से तीन कप ही चाय पिएं। इससे ज्यादा मात्रा में चाय पीने से सेहत को नुकसान हो सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।