MP के रतलाम में अमोनिया गैस लीक, फैक्ट्री से मजदूरों को निकाला बाहर; फैली दहशत
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में एक फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक होने से कुछ लोगों के उसकी चपेट में आने से दहशत फैल गई, जिसके बाद अधिकारियों ने यूनिट से मजदूरों को बाहर निकाला। घटना जिले के जौरा कस्बे में मंगलवार रात करीब 10.30 बजे घटी।

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में एक फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक होने से कुछ लोगों के उसकी चपेट में आने से दहशत फैल गई, जिसके बाद अधिकारियों ने यूनिट से मजदूरों को बाहर निकाला। अधिकारियों ने बुधवार को घटना की जानकारी दी। घटना जिले के जौरा कस्बे में मंगलवार रात करीब 10.30 बजे घटी, जिसके बाद पुलिस, दमकल और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और रिसाव को रोका। सब डिविजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) त्रिलोचन गौड़ ने कहा कि जौरा कस्बे में पोरवाल आइस फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक हुई थी।
पुलिस सुपरिटेंडेंट अमित कुमार ने कहा, "प्रथम दृष्टया, यह अमोनिया गैस लीक थी। पुलिस और प्रशासन ने तुरंत पानी छिड़का, गैस रिसाव को रोका और स्थिति को नियंत्रण में लाया गया।" उन्होंने घटना का विस्तार किए बिना कहा कि कुछ प्रभावित लोगों को चिकित्सा उपचार दी गई है। फैक्ट्री के बगल में एक पुलिस लाइन है। अधिकारी ने कहा कि रात में टहलने वाले कुछ पुलिसकर्मियों ने सबसे पहले गैस रिसाव महसूस किया और सबसे पहले ऐक्शन लिया।
गौड़ ने कहा कि गैस रिसाव का तुरंत पता लगा लिया गया और यह कोई बड़ी घटना नहीं थी। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री से मजदूरों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया। एसडीएम ने बताया कि दमकल विभाग ने पानी का छिड़काव कर गैस रिसाव पर तुरंत काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। बताया जा रहा है कि अमोनिया गैस के टैंक का एक बोल्ट ढीला होने से रिवास होने लगा था।
आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ
गैस रिसाव के बाद लोगों ने आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की। फैक्ट्री के पीछे पुलिस लाइन है। गैस रिसाव का पता चलते ही पुलिस तुरंत ऐक्शन मोड में आई और मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं गैस से प्रभावित हुए मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया। रिसाव का असर कम करने को पानी का छिड़काव भी किया। गैस टैंकल के बोल्ट को टाइट करवा लिया गया है।