भोजन परोसा, हाथ से खिलाया, शिवराज सिंह के घर में कन्याओं का हुआ ऐसा स्वागत
- आज मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी अपने भोपाल स्थित निज निवास पर कन्याओं का स्वागत किया। शिवराज सहित पूरे परिवार ने इसमें भाग लिया। शिवराज सिंह ने तो अपने हाथों से लड़कियों को भोजन भी खिलाया।

आज देशभर में रामनवमी की धूम है। जगह-जगह शोभा यात्रा निकाली जा रही हैं,प्रभु राम की भक्ति में सब लीन हैं। लोग अपने घरों में कन्या भोज का भी आयोजन कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी अपने भोपाल स्थित निज निवास पर कन्याओं का स्वागत किया। शिवराज सहित पूरे परिवार ने इसमें भाग लिया। शिवराज सिंह ने तो कन्या पूजन के अलावा अपने हाथों से लड़कियों को भोजन भी खिलाया।
शिवराज सिंह ने कन्या पूजन के बाद एएनआई से बातचीत में कहा कि आज राम नवमी है और नवरात्रि का नौवां दिन भी है। नौवें दिन मां सिद्धिदात्री की पूजा होती है। मां सभी पर कृपा करें,सभी खुश रहें और हम सब मिलकर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एक विकसित भारत बनाने में अपना योगदान दें। नवमी पर कन्या पूजन की परंपरा है। बेटियां देवी का रूप होती हैं। हम सब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राम राज्य लाने के लिए काम कर रहे हैं।
बता दें कि आज चैत्र नवरात्र का नौवां दिन है और आज के ही दिन रामनवमी भी मनाई जाती है। आज देश के कई शहरों में शोभा यात्रा और जुलूस भी निकाला जाएगा। इस मौके पर सिक्योरिटी भी टाइट रहेगी। दिल्ली,फरीदाबाद, रांची समेत कई शहरों में ट्रैफिक डायवर्जन भी किया जाएगा। कई सड़कों को बंद भी किया जा सकता है। राजधानी भोपाल में भी रामनवमी पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।