केंद्रीय परिवहन मंत्री ने दी MP को सौगात, दो लेन में अपग्रेड होगा 63.5 KM लंबा रास्ता; CM बोले शुक्रिया
- केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी गुरुवार (10 अप्रैल) को भी मध्यप्रदेश को विकास की सौगात देंगे। इस दौरान वह धार जिले के बदनावर में 3502 करोड़ रुपए की लागत से बनी 218 किमी लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने हाल ही में मध्य प्रदेश के लोगों को एक बड़ी सौगात दी। उन्होंने प्रदेश से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर शाहगढ़-बक्सवाहा-नरसिंहगढ़-दमोह के साढ़े 63 किलोमीटर लंबे खंड को पेव्ड शोल्डर के साथ 2 लेन में अपग्रेड करने को मंजूरी दे दी। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि यहां मार्ग के विकास के दौरान यहां पर 5 प्रमुख पुल, 4 बायपास, और सर्विस रोड भी बनेगी। इस योजना को स्वीकृति मिलने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गडकरी का धन्यवाद करते हुए उनका आभार व्यक्त किया है। सीएम का कहना है कि यह परियोजना मध्य प्रदेश की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ समृद्धि के नए मार्ग भी खोलेगी। इसके अलावा 10 अप्रैल को भी प्रदेश के धार जिले में 3502 करोड़ रुपए की लागत से बने NH का लोकार्पण होगा, जबकि 2330 करोड़ की सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन किया जाएगा।
केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इस परियोजना के बारे में मंगलवार को सोशल मीडिया पर बताया। उन्होंने लिखा, 'मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग-34 (NH-34) के शाहगढ़-बक्सवाहा-नरसिंहगढ़-दमोह से 63.50 किमी लंबाई के खंड को पेव्ड शोल्डर के साथ 2-लेन में अपग्रेड करने के लिए 531.84 करोड़ रुपए की लागत के साथ स्वीकृति दी गई है।'
आगे उन्होंने बताया, ‘राष्ट्रीय राजमार्ग-34 उत्तराखंड के गंगोत्री धाम को मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर) पर लखनादौन से जोड़ता है। शाहगढ़-दमोह खंड के उन्नयन में 5 प्रमुख पुल, बक्सवाहा, भटेरा, नरसिंहगढ़ और पिपरिया चंपत में 4 बाईपास और दमोह के निर्मित क्षेत्रों में सर्विस/स्लिप रोड (दोनों तरफ 1.3 किलोमीटर) शामिल हैं। इस राजमार्ग के उन्नयन से क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।’
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी गुरुवार (10 अप्रैल) को भी मध्यप्रदेश को विकास की सौगात देंगे। इस दौरान वह धार जिले के बदनावर में 3502 करोड़ रुपए की लागत से बनी 218 किमी लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा इसी दौरान 2330 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली 110 किलोमीटर की सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन भी होगा।

उधर केंद्रीय परिवहन मंत्रालय द्वारा इस परियोजना को स्वीकृति मिलने के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विभाग के मंत्री नितिन गडकरी को धन्यवाद कहते हुए उनका आभार व्यक्त किया। इस बारे में उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' पर लिखा, 'मध्य प्रदेश के विकास को नव गति देने की दिशा में आपकी इस बहुमूल्य सौगात के लिए मैं हृदय से आभारी हूँ... यह परियोजना मध्य प्रदेश की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ समृद्धि के नए द्वार भी खोलेगी।'
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।