सोनम और राज कुशवाह का होगा नार्को टेस्ट? राजा रघुवंशी के परिवार की मांग पर क्या बोली मेघालय पुलिस
राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम और उसका प्रेमी राज कुशवाह क्या अब भी कुछ छुपा रहे हैं। क्या उन्होंने पुलिस को पूरा सच नहीं बताया है। क्या पुलिस उनसे सच उगलवाने के लिए नार्को टेस्ट करा सकती है। मेघालय पुलिस ने इस पर स्थिति पूरी तरफ साफ कर दी है।

राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम और उसका प्रेमी राज कुशवाह क्या अब भी कुछ छुपा रहे हैं। क्या उन्होंने अब तक पुलिस को पूरा सच नहीं बताया है। क्या अब पुलिस उनसे सच उगलवाने के लिए नार्को टेस्ट करा सकती है। मेघालय पुलिस ने इस पर स्थिति पूरी तरफ साफ कर दी है।
मेघालय पुलिस ने इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में आरोपी उसकी पत्नी सोनम रघुवंशी और प्रेमी राज सिंह कुशवाह का नार्को टेस्ट कराने से इनकार कर दिया है।
पूर्वी खासी हिल्स के जिले के एसपी विवेक सिम ने रविवार को इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि नार्को टेस्ट तब किया जाता है जब आरोपी डिटेल देने से इनकार करते हैं, जबकि आरोपी व्यक्ति जांच में सहयोग कर रहे हैं और पुलिस के पास उनके खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं। उन्होंने यह भी बताया कि नार्को टेस्ट में कुछ भी स्वीकार्य नहीं है और भारत में नार्को टेस्ट प्रतिबंधित है।
राजा के परिवार ने की थी नार्को टेस्ट की मांग
बता दें कि, शनिवार को राजा के परिवार के सदस्यों ने सोनम और अन्य आरोपियों का नार्को टेस्ट कराने की मांग की थी। परिवार का मानना है आरोपी कथित तौर पर पुलिस के सामने पूरी सच्चाई नहीं बता रहे हैं। राजा के बड़े भाई सचिन रघुवंशी ने कहा, “हमारा मानना है कि सोनम और अन्य आरोपी पूरी सच्चाई नहीं बता रहे हैं। हमें यह भी शक है कि राजा की हत्या में अन्य लोग भी शामिल हैं।”
मेघालय पुलिस ने मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के साथ मिलकर इस सप्ताह की शुरुआत में सोनम और चार अन्य आरोपियों - राज सिंह कुशवाह, आकाश राजपूत, विशाल सिंह चौहान और आनंद कुर्मी को गिरफ्तार किया है।
मेघालय के लोकप्रिय पर्यटन स्थल सोहरा में हनीमून के दौरान अपने नवविवाहित पति राजा रघुवंशी की हत्या में सोनम मुख्य आरोपी है। उसने अपने कथित प्रेमी कुशवाह और भाड़े के तीन अन्य लोगों की मदद से यह हत्या कराई थी। सभी पांचों आरोपियों को मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से ट्रांजिट रिमांड पर शिलांग लाया गया है। 11 जून को शिलांग की अदालत की ओर से 8 दिन की पुलिस हिरासत दिए जाने के बाद पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
11 मई को हुई थी राजा और सोनम की शादी
गौरतलब है कि राजा और सोनम से शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी और वे 20 मई को हनीमून के लिए मेघालय के लिए रवाना हुए थे। राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी 23 मई को मेघालय के सोहरा इलाके से अचानक लापता हो गए थे। इसके बाद 2 जून को पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा क्षेत्र में 'वेइसाडोंग फॉल्स' के पास राजा का शव एक खाई में पड़ा मिला था। उसके सिर पर घातक चोटें थीं। इसके बाद खून से सना धारदार हथियार और अन्य सामान भी बरामद किया गया।