केवल किसानों के लिए बना था पुल, विधायक बोले- पर्यटकों के लोड से ढहा ब्रिज
महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवाड़ की मावल तहसील में इंद्रायणी नदी पर बने पुल के ढहने से कई लोगों की मौत की आशंका है। वहीं स्थानीय विधायक का कहना है कि यह पुल केवल किसानों के लिए बनाया गया था।

महाराष्ट्र के पुणे के मावल तहसील में इंद्रायणी नदी पर बना लोहे का एक पुल रविवार दोपहर ढह जाने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और 32 अन्य घायल हो गये। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि कुछ लोग नदी में बह गए हैं। एनसीपी विधायक सुनील शेलके के कहना है कि 30 साल पहले यह पुल किसानों के आने जाने के लिए बनाया गया था। हालांकि यह इलाका पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित हुआ तो बड़ी संख्या में पर्यटक भी इस पुल पर आने लगे।
एनसीपी विधायक ने कहा कि समय-समय पर पुल की रिपेयरिंग होती थी और पर्यटकों को ज्यादा संख्या में इसपर जाने से रोका भी जाता था। उन्होंने कहा कि पुल पर ज्यादा जोर पड़ने और बड़ी संख्या में दुपहिया वाहनों की वजह से टूट गया
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने रविवार को कहा कि इंद्रायणी नदी पर बने लोहे के पुल को जंग लग गया था और प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि कई लोगों के पुल पर खड़े होने के कारण यह टूट गया, जिससे दो व्यक्तियों की मौत हो गई।
पुणे के जिला कलेक्टर जितेंद्र डूडी ने बताया कि पुल ढहने से हुए हादसे में अब तक 38 लोगों को बचा लिया गया है और उनमें से 30 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने कहा कि पुल के ढहने के समय वहां मौजूद लोगों की सही संख्या का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘हम यह भी पता लगा रहे हैं कि कितने लोग लापता हैं।’ अधिकारियों ने बताया कि यह घटना पुणे के मावल तहसील के कुंदमाला इलाके में हुई जहां पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश हो रही है, जिसके कारण नदी का बहाव तेज था।
उन्होंने बताया कि इस इलाके में पिकनिक मनाने वालों की काफी भीड़ रहती है। उपमुख्यमंत्री पवार ने कहा, ‘हमें घटना के बारे में अलग-अलग जानकारी मिली है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुल पुराना और जंग लगा हुआ था। जब पुल गिरा तो कई लोग उस पर खड़े थे।’ उन्होंने कहा कि नदी पर एक नया पुल बनाने की योजना को मंजूरी दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना के वक्त पुल पर लगभग 125 लोग मौजूद थे। ऐसे में बड़ी संख्या मेंलोगों के नदी में बहने की आशंका है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अब तक दो ही मौत की पुष्टि हुई है। इसके अलावा कई लोग नदी में बह गए हैं।