यूपीए सरकार के दौरान हुईं 6 सर्जिकल स्ट्राइक, थरूर विवाद के बीच कांग्रेस का दावा; BJP का पलटवार
Surgical strikes: कांग्रेस की तरफ से दावा किया गया है कि यूपीए सरकार के दौरान भी भारतीय सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक की थी। कांग्रेस ने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट करके 6 सर्जिकल स्ट्राइक का दावा किया है। भाजपा ने इसे झूठ बताते हुए कांग्रेस पर हमला बोला है।

सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल को लेकर विदेश दौरे पर गए शशि थरूर के सर्जिकल स्ट्राइक पर दिए बयान से भारत में राजनीति तेज होती जा रही है। कांग्रेस पार्टी की तरफ से गुरुवार को दावा किया गया कि पूर्व पीएम डॉक्टर मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के कार्यकाल के दौरान भी ऐसी 6 सर्जिकल स्ट्राइक की गई थीं। कांग्रेस की तरफ से किए गए इस दावे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार किया है।
यह पूरा मामला थरूर के बयान के बाद शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने 2016 में हुई सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में बात की थी। कई कांग्रेस नेताओं ने थरूर को इस बयान के लिए काफी सुनाया भी था। इस पर सफाई देते हुए कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि थरूर हमारे परिवार का हिस्सा हैं, लेकिन वह सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में दिए गए बयान पर तथ्यात्मक रूप से गलत हैं। कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने बस उन्हें तथ्यात्मक रूप से सही किया है। सर्जिकल स्ट्राइक्स यूपीए सरकार के दौर में भी की जाती रही हैं।
कांग्रेस पार्टी ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा कि नोएडा नहीं, कोई पीआर नहीं.. केवल निर्णायक कार्रवाई। कांग्रेस सरकार के तहत 6 सर्जिकल स्ट्राइक की गई थीं।
भाजपा का पलटवार
कांग्रेस पार्टी द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो के तुरंत बाद ही भारतीय जनता पार्टी ने इसे झूठ बताते हुए कांग्रेस की आलोचना करनी शुरू कर दी। पार्टी ने 2018 की एक आरटीआई का हवाला देते हुए लिखा, "आरटीआई के जवाब में डीजीएममो द्वारा इस बात को साफ किया गया था कि यूपीए सरकार के तहत कोई भी सर्जिकल स्ट्राइक नहीं हुई थी।"
बीजेपी ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस का आड़े हाथों लेते हुए लिखा, "डरपोक कांग्रेस को झूठ बोलना बंद करना चाहिए।"
कांग्रेस ने नाम गिनाए
एचटी की रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी 2018 में दावा किया था कि यूपीए सरकार के तहत सेना ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर पर तीन सर्जिकल स्ट्राइक की थीं। अभी हाल में कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर से 6 सर्जिकल स्ट्राइक का दावा किया है। यूपीए सरकार के दौरान सर्जिकल स्ट्राइक का दावा करते हुए कांग्रेस ने एक लिस्ट भी साझा की, जिसके मुताबिक, 19 जून 2008 को पुंछ के भट्टल सेक्टर, 31 अगस्त से 1 सितंबर 2011 के बीच केल में नीलम नदी घाटी के पार, 6 जनवरी 2013 को सावन पात्रा चेकपोस्ट पर, 27-28 जुलाई 2013 को नाजापीर सेक्टर, 6 अगस्त 2013 और 14 जनवरी 2014 को नीलम घाटी में सर्जिकल स्ट्राइक की गई थीं।