सबक सिखाना होगा, अनुराग कश्यप के मुंह पर कालिख पोतने वाले को 1 लाख का इनाम देने का ऐलान
- फिल्म प्रोड्यूसर अनुराग कश्यप के ब्राह्मणों पर दिए गए बयान से इन दिनों देश भर में बवाल मचा हुआ है। इस बीच चाणक्य सेना ने उनके मुंह पर कालिख पोतने वाले को एक लाख रुपए का इनाम देने का ऐलान किया है।

ब्राह्मण समुदाय के खिलाफ कथित तौर पर विवादित बयान देकर बॉलीवुड के मशहूर फिल्म प्रोड्यूसर और डायरेक्टर अनुराग कश्यप बुरे फंस गए हैं। सोशल मीडिया पर हो रही आलोचनाओं और पुलिस शिकायत दर्ज होने के बाद अब अनुराग कश्यप के खिलाफ एक्शन की मांग भी शुरू हो गई है। इस बीच शनिवार को उनकी टिप्पणी पर गुस्सा जाहिर करते हुए चाणक्य सेना ने अनुराग कश्यप के चेहरे पर कालिख पोतने वाले को 1 लाख रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है।
बता दें कि चाणक्य सेना ने ब्राह्मणों पर की गई टिप्पणी पर संज्ञान लेते हुए सर्व ब्राह्मण महासभा, ब्राह्मण सेवा संघ, अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा, विश्व ब्राह्मण परिषद और अखिल भारतीय ब्राह्मण संघ समेत कई ब्राह्मण संगठनों के साथ शनिवार को एक ऑनलाइन बैठक की है। इस दौरान चाणक्य सेना के मुख्य संरक्षक पंडित सुरेश मिश्रा ने कहा है कि अनुराग कश्यप जैसे लोगों को सबक सिखाना जरूरी है। उन्होंने कहा है कि यह लोग ब्राह्मणों के बारे में बेबुनियादी बयान दे रहे हैं और समाज में नफरत फैला रहे हैं।
संगठन ने कहा, ‘‘क्या ब्राह्मण समुदाय ने इस देश के लिए बलिदान नहीं दिया है? यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सभी के कल्याण की बात करने वाले और देश की एकता एवं अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले ब्राह्मणों के खिलाफ इस तरह की टिप्पणियां की जा रही हैं। उन्हें सबक सिखाना जरूरी है। समाज में ऐसे लोगों का कड़ा विरोध होना चाहिए जो समाज में भाईचारे को खत्म करने की कोशिश रहे हैं।''
क्या है मामला?
बता दें कि अनुराग कश्यप पर कथित तौर पर ब्राह्मण समुदाय की सामाजिक और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। मामला तब शुरू हुआ जब अनुराग कश्यप ने अपने एक पोस्ट में कथित तौर पर ब्राह्मण समाज के लिए गलत भाषा का इस्तेमाल किया। दरअसल अनुराग कश्यप बॉलीवुड की एक फिल्म ‘फुले’ के समर्थन में लगातार पोस्ट कर रहे हैं। यह फिल्म ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले की जीवनी पर आधारित है। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने के बाद ब्राह्मण समुदाय के कुछ सदस्यों ने यह कहते हुए आपत्ति जताई थी कि इसमें ब्राह्मणों को गलत तरीके से दिखाया गया है। अनुराग ने इन बयानों पर ही प्रतिक्रिया दी थी।