2 new entry exit gates opened at ghaziabad namo bharat train station for passengers convenience नमो भारत ट्रेन यात्रियों के लिए नई सहूलियत, गाजियाबाद स्टेशन पर खुले 2 नए एंट्री-एग्जिट गेट, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर News2 new entry exit gates opened at ghaziabad namo bharat train station for passengers convenience

नमो भारत ट्रेन यात्रियों के लिए नई सहूलियत, गाजियाबाद स्टेशन पर खुले 2 नए एंट्री-एग्जिट गेट

नमो भारत ट्रेन यात्रियों की सुविधा के लिए गाजियाबाद स्टेशन पर दो और नए एंट्री-एग्जिट गेट खुल गए हैं। स्टेशन में अब चार एंट्री-एग्जिट गेट हो गए हैं। नए गेट खुलने से यात्रियों का आना-जाना पहले से ज्यादा आसान और सुरक्षित हो गया है।

Praveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, गाजियाबाद। हिन्दुस्तानSun, 18 May 2025 10:12 AM
share Share
Follow Us on
नमो भारत ट्रेन यात्रियों के लिए नई सहूलियत, गाजियाबाद स्टेशन पर खुले 2 नए एंट्री-एग्जिट गेट

नमो भारत ट्रेन यात्रियों की सुविधा के लिए गाजियाबाद स्टेशन पर शनिवार को दो और नए एंट्री-एग्जिट गेट खुल गए। स्टेशन में आवागमन के लिए अब चार एंट्री-एग्जिट गेट हो गए हैं। नए गेट खुलने से यात्रियों का आना-जाना पहले से ज्यादा आसान और सुरक्षित हो गया है। यात्रियों को ट्रैफिक वाली सड़कों को पार करने से राहत मिलेगी। 

गाजियाबाद नमो भारत कॉरिडोर पर सबसे ऊंचा स्टेशन है। इसकी ऊंचाई 26 मीटर, लंबाई 215 मीटर और चौड़ाई लगभग 44 मीटर है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने स्टेशन तक यात्रियों की पहुंच आसान और सुरक्षित बनाने के लिए पांच एंट्री-एग्जिट गेट बनाने की योजना बनाई है। स्टेशन बिल्डिंग में बनाए एंट्री-एग्जिट गेट संख्या चार और पांच पहले से यात्रियों के लिए खुले हैं। 

नए एंट्री-एग्जिट गेट खुलने से पहले यात्रियों को स्टेशन में आवाजाही के लिए सड़कों को पार करके आना-जाना पड़ रहा था। इससे परेशानी उठानी पड़ रही थी। नए एंट्री-एग्जिट गेट में से एक एंट्री-एग्जिट गेट संख्या-1 चौधरी चरण सिंह पार्क में बनाया है। इससे दिल्ली की ओर से आने वाले यात्रियों को नमो भारत स्टेशन में प्रवेश करने में आसानी होगी। इस एंट्री-एग्जिट गेट को फुटओवर ब्रिज के जरिये स्टेशन से जोड़ा गया है। इसकी लंबाई 130 मीटर और चौड़ाई 6.5 मीटर है। दूसरा एंट्री-एग्जिट गेट संख्या-2 आर्य नगर की ओर बनाया है। यह फुटओवर ब्रिज से स्टेशन से जुड़ा है, जिसकी लंबाई करीब 20 मीटर और चौड़ाई 6.5 मीटर है।

एक अन्य प्रवेश-निकास द्वार पर काम चल रहा

स्टेशन का आखिरी एंट्री-एग्जिट गेट संख्या-3 पटेल नगर की ओर बना है। इसे जल्द ही यात्रियों के लिए खोला जाएगा। इस गेट को भी फुटओवर ब्रिज के जरिये गाजियाबाद नमो भारत स्टेशन से जोड़ा गया है। इस फुटओवर ब्रिज की लंबाई लगभग 30 मीटर और चौड़ाई 6.5 मीटर है।

फुटओवर ब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा

फुटओवर ब्रिज का विस्तार मल्टी-मॉडल इंटीग्रेशन के तहत दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन के न्यू बस अड्डा शहीद स्थल स्टेशन तक किया जा रहा है। यह फुटओवर ब्रिज नमो भारत और दिल्ली मेट्रो के स्टेशन को कॉनकोर्स लेवल पर जोड़ेगा। इसका निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।

स्वचालित ट्रैवलेटर भी लगाए जाएंगे

फुटओवर ब्रिज पर यात्रियों की सुविधा का खास ध्यान रखा गया है। यहां स्वचालित ट्रैवलेटर भी लगाए जाएंगे। नमो भारत और मेट्रो स्टेशन के आपस में जुड़ने से यात्रियों के लिए एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक आना-जाना आसान हो जाएगा। इसके साथ ही यात्री गाजियाबाद स्टेशन पर बनाए सभी फुटओवर ब्रिज का उपयोग सड़क पार करने के लिए निशुल्क कर सकेंगे।