अनधिकृत यात्री वाहनों के विरूद्ध चलाया गया अभियान
Deoria News - देवरिया में शुक्रवार को परिवहन विभाग, पुलिस और परिवहन निगम की टीम ने अनधिकृत यात्री वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। जांच में सुरक्षा उपकरणों और वैध परमिट की उपलब्धता की जांच की गई। दो दर्जन से अधिक बसों...

देवरिया, निज संवाददाता। शहर के विभिन्न जगहों पर अनधिकृत यात्री वाहनों के विरूद्ध शुक्रवार को परिवहन विभाग, पुलिस एवं परिवहन निगम की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। इसमें यात्री बसों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता व वैध परमिट की जांच की गई। वहीं मानकों पर खरा न उतरने वाले दो दर्जन बसों का चालान किया गया। जिले में अनधिकृत यात्री वाहनों के विरूद्ध 15 मई से सघन जांच अभियान शुरू किया गया है। जिसके तहत परिवहन विभाग, पुलिस और परिवहन निगम की संयुक्त टीम द्वारा जिले व शहर के प्रमुख स्थानों पर वाहनों की जांच की जा रही है। अभियान के तहत शुक्रवार को शहर के एसएसबीएल स्कूल, सुभाष चौराहा, भटवलिया चौराहा, सोनूघाट चौराहा और रूद्रपुर मोड़ पर यात्री बसों में सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं वैध परमिट की जांच की गई।
जांच में मानकों पर खरा न उतरने वाली दो दर्जन से अधिक बसों का चालान किया गया। जबकि टीम ने बसों के अंदर जाकर फायर सिलेंडर की उपलब्धता और वैधता की भी पड़ताल की। अभियान के तहत 4 बसों और 6 अन्य यात्री वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई भी की गई। अभियान में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) आशुतोष शुक्ला, यात्रीकर अधिकारी अनिल तिवारी, टीएसआई गुलाब सिंह, परिवहन निगम के अधिकारी और प्रवर्तन कर्मी शामिल रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।