दिल्ली: नशे में टल्ली शख्स ने तेज रफ्तार कार से मारी टक्कर, पांच UPSC स्टूडेंट समेत 6 घायल
मध्य दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में नशे में धुत एक शख्स ने कार से पैदल चल रहे लोगों के एक समूह को टक्कर मार दी। इसमें UPSC के 5 स्टूडेंट समेत छह लोग घायल हो गए हैं।

मध्य दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में नशे में धुत एक शख्स ने कार से पैदल चल रहे लोगों को टक्कर मार दी। दिल्ली पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार शाम को ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके में शाम करीब छह बजे हुई। कार की चपेट में आने से पांच UPSC स्टूडेंड समेत छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने कार जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
कार चल रहे ड्राइवर प्रेम कुमार (45) को पकड़ लिया गया। पुलिस ने उसका ब्रीदएलाइजर टेस्ट किया जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बड़ा बाजार के मेन बाजार रोड पर रेस्टोरेंट और कापी-किताब की दुकानें हैं। इसलिए इलाके में शाम को सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों की चहल पहल रहती है। बताया जाता है कि शाम करीब छह बजे इलाका छात्रों से भरा हुआ था। इसी दौरान तेज रफ्तार कार सामने से आई।
इस तेज रफ्तार कार ने छात्रों को कुचल दिया। इसके बाद बाजार में भगदड़ मच गई। इसके बाद कार फुटपाथ से टकरा कर रुक गई। इसी दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलों को गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार चालक प्रेम को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस उपायुक्त (मध्य) एम. हर्षवर्धन ने कहा कि आरोपी ने कितनी मात्रा में शराब का सेवन किया था उसके स्तर का पता लगाने के लिए पुलिस ने उसका ब्लड सेंपल लिया है। घायलों की पहचान लोकेश, बेबी, शिवम, हर्षिता, स्टीफन और विपुल के रूप में हुई है। इनमें से पांच यूपीएससी के स्टूडेंट हैं। एक अन्य घायल विजिटर है। सभी को अस्पताल ले जाया गया है।
घायलों में से पांच को जल्द ही छुट्टी मिलने की संभावना है, जबकि एक को आगे के उपचार की जरूरत पड़ सकती है। सभी छह की हालत स्थिर बताई जा रही है। डीसीपी ने बताया कि दुर्घटना के समय आरोपी प्रेम कुमार अपने नियोक्ता की कार चला रहा था। उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।