दिल्ली में 3 तेज लू का अटैक; जारी हुआ यलो अलर्ट, 40 की स्पीड से चलेंगी हवाएं
दिल्ली में इस हफ्ते 3 दिन झुलसा देने वाली लू चलेगी। मौसम विभाग ने इसको लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि बाद में एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में मामूली बदलाव भी देखा जाएगा।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस हफ्ते 3 दिन झुलसा देने वाली लू का प्रकोप देखा जाएगा। मौसम विभाग ने इसको लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि बाद में एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव भी देखा जाएगा। बादलों की आवाजाही के साथ तेज हवाएं भी चलेंगी। हवा की स्पीड 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक देखी जा सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण दिल्ली एनसीआर के तापमान में थोड़ी गिरावट भी देखी जा सकती है।
मौसम विभाग ने 15 अप्रैल को आसमान साफ रहने और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चलेंगी। इस दिन अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। IMD ने 16 अप्रैल से दिल्ली में लू चलने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग की ओर से 16, 17 और 18 अप्रैल को दिल्ली में लू चलने का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने 16 अप्रैल से दिल्ली में तापमान में बढ़ोतरी की संभावना जताई है। 16 अप्रैल को दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 17 और 18 अप्रैल को दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
18 अप्रैल से दिल्ली एनसीआर के मौसम में बदलाव नजर आने लगेगा। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे जबकि 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से तेज हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग का कहना है कि दूसरे दिन यानी 19 अप्रैल को भी हवा के रुख में तेजी देखी जाएगी। 19 अप्रैल को दिल्ली में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से तेज हवाएं चलेंगी।
दोनों ही दिन कभी-कभी हवा की स्पीड 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक देखी जा सकती है। मौसम विभाग ने 19 अप्रैल को दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। 20 अप्रैल को दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है।