AAP के साथ टीम केजरीवाल साफ, पूर्व CM और पूर्व डिप्टी CM हारे; मंत्रियों-पूर्व मंत्रियों का क्या हाल?
Delhi Election Result: दिल्ली के मौजूदा स्वास्थ्य मंत्री सौरव भारद्वाज भी चुनाव हार गए हैं। ग्रेटर कैलाश सीट पर उन्हें BJP की शिखा रॉय ने हराया।

Delhi Election Result: दिल्ली विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी (AAP) का सूपड़ा साफ हो गया है। 2020 के चुनावों में 70 सीटों में से 62 सीटें जीतने वाली आप ताजा रुझानों के मुताबिक 23 सीटों पर सिमटती दिख रही है, जबकि भाजपा आठ सीटों से 47 पर छलांग लगाती दिख रही है। सबसे बड़ी खबर यह है कि आप के मुखिया और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से चुनाव हार गए हैं। उन्हें भाजपा के प्रवेश वर्मा ने पटखनी दी है। 2013 में केजरीवाल ने तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को इस सीट से हराया था लेकिन जीत की हैट्रिक लगाने वाले केजरीवाल का कारवां थम सा गया है। पहले सीएम पद से हाथ धोना पड़ा था। अब विधायकी से भी चूक गए।
आप के दूसरे सबसे बड़े चेहरे और पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की भी करारी हार हुई है। उन्होंने हार के खतरों से बचने के लिए पटपड़गंज से जंगपुरा विधानसभा सीट चुना था लेकिन यहां उन्हें भी भाजपा की लहर में हार का स्वाद चखना पड़ा है। हालांकि, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने AAP की लाज रख ली है। उन्होंने आखिरी राउंड में वापसी करते हुए कालकाजी विधानसभा सीट पर भाजपा के रमेश बिधूड़ी को चुनाव हरा दिया है लेकिन उनकी सरकार के कई मंत्री अभी भी चुनाव में पीछे चल रहे हैं।
इमरान हुसैन (बल्लीमारन): दिल्ली सरकार में खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री इमरान हुसैन चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने मुस्लिम बहुल बल्लीमारन सीट पर भाजपा के उम्मीदवार कमल बागड़ी को 29823 वोटों से शिकस्त दी है।
सौरव भारद्वाज (ग्रेटर कैलाश): दिल्ली के मौजूदा स्वास्थ्य मंत्री और आप के प्रवक्ता सौरव भारद्वाज भी चुनाव हार गए हैं। ग्रेटर कैलाश सीट पर उन्हें भाजपा की शिखा रॉय ने 3139 वोटों के अंतर से हराया।
रघुविन्दर शौकीन (नांगलोई जाट): दिल्ली सरकार में मंत्री और जाट चेहरा रघुविन्दर शौकीन भी बहुत बड़े मार्जिन से चुनाव हार गए हैं। भाजपा के मनोज शौकीन ने उन्हें 25251 वोटों के अंतर से हराया।
मुकेश अहलावत (सुल्तानपुर माजरा): दिल्ली सरकार के मंत्री मुकेश अहलावत ने खुशखबरी दी है। उन्होंने सुल्तानपुर माजरा से चुनाव जीत लिया है। अहलावत ने भाजपा के करम सिंह करमा को 17126 वोटों के अंतर से हराया है।
गोपाल राय (बाबरपुर): लंबे समय से दिल्ली के मंत्री गोपाल राय चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने भाजपा के अनिल कुमार वशिष्ठ को 22 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से हरा दिया है।
सत्येंद्र जैन (शकूरबस्ती): केजरीवाल सरकार में लंबे समय तक स्वास्थ्य मंत्री रहे सत्येंद्र जैन चुनाव हार गए हैं। उन्हें भाजपा के करनैल सिंह ने 20998 वोटों के अंतर से हरा दिया। सोमनाथ भारती (मालवीय नगर): आप सरकार में मंत्री रहे सोमनाथ भारती भी चुनाव हार गए हैं। आप के बड़े नेता दुर्गेश पाठक भी चुनाव हार गए हैं।