Delhi Weather : जनवरी में 5 साल बाद दिल्ली का पारा हाई, अधिकतम तापमान 6.5°C ज्यादा रिकॉर्ड
दिल्ली में रविवार को दिनभर खिली हुई धूप निकली रही, जिससे अधिकतम तापमान में तेजी से इजाफा हुआ। मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रिकॉर्ड किया गया।

दिल्ली में रविवार को दिनभर खिली हुई धूप निकली रही, जिससे अधिकतम तापमान में तेजी से इजाफा हुआ। मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि वर्ष 2019 के बाद जनवरी महीने के किसी दिन अधिकतम तापमान इतना ज्यादा दर्ज किया गया है।
दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में रविवार सुबह के समय बेहद हल्का कोहरा देखने को मिला। दिन चढ़ने के साथ ही यह कोहरा भी साफ हो गया और खिली हुई धूप निकल आई। पूरे दिन निकलने वाली तेज धूप के चलते तापमान में तेजी से इजाफा हुआ। अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।
मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि पांच वर्षों बाद जनवरी में इतना ज्यादा गर्म दिन देखने को मिला है। इससे पूर्व वर्ष 2019 की 21 जनवरी के दिन अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। जनवरी का औसत अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस है।
दिल्ली में पिछले दिनों सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिल रहा था। दिन में कोहरा छंटने के बाद भी धुंध की एक परत बनी रह रही थी। जिससे धूप कमजोर रही, लेकिन अब कोहरे की स्थिति में खासी कमी आई है। इससे सुबह 8 बजे के बाद ही खिली हुई धूप निकल आई। दिनभर रही इस धूप के चलते खासतौर पर दोपहर के समय लोगों को गर्म कपड़े उतारने की जरूरत भी महसूस होने लगी।
दिल्ली के मौसम पर दिखेगा एक और पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को एक और पश्चिमी विक्षोभ का असर दिल्ली के मौसम पर देखने को मिलेगा। इसके चलते कई इलाकों में बारिश हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते बादल छाए रह सकते हैं। इससे तापमान में चार से पांच डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मंगलवार को भी मौसम सामान्य से ज्यादा गर्म रहने के आसार हैं।
हवा बेहद खराब श्रेणी में
हवा की रफ्तार कम होने से दिल्ली की वायु गुणवत्ता रविवार को बेहद खराब श्रेणी में रही। दिल्ली के ज्यादातर निगरानी केन्द्रों का वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 के पार रहा। हवा की रफ्तार कम होने के चलते रविवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक में तेजी से इजाफा हुआ। सीपीसीबी के मुताबिक, रविवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 368 अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को बेहद खराब श्रेणी में रखा जाता है। शनिवार को यह सूचकांक 255 अंक पर रहा था। यानी 24 घंटों के अंदर सूचकांक में 113 अंकों की बढ़ोतरी हुई है।