धूल भरी आंधी से शहर के कई इलाकों में बिजली गुल
फरीदाबाद में मौसम में बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली। धूल भरी आंधी के साथ बिजली चली गई और तापमान 40 डिग्री से गिरकर 37 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में बारिश की संभावना जताई...

फरीदाबाद, वरिष्ठ संवाददाता। स्मार्ट सिटी में गुरुवार को मौसम बदलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। शाम साढ़े छह बजे धूल भरी आंधी चलने से लोगों ने राहत की सांस ली। आंधी के चलने के साथ ही कई इलाकों में बिजली चली गई। स्मार्ट सिटी में एक सप्ताह से सूरज की तपिश से तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने लगा था। सुबह के साथ रात भी गर्म होने लगी है। रात का तापमान भी 26 डिग्री तक पहुंचने लगा था। गर्मी बढ़ने से आम जन-जीवन अस्त व्यस्त हो गया था। मौसम विभाग ने 10 अप्रैल गुरुवार को एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की घोषणा की थी। शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ प्रभाव फरीदाबाद में दिखाई देने लगा। शाम छह बजे से तेज हवा चली। इस तेज हवा ने शाम करीब सात बजे आंधी का रूप ले लिया। आंधी चलने के साथ ही बिजली गुल हो गई और स्मार्ट सिटी की सड़कों पर अंधेरा छा गया। हवा चलने से मौसम में बदलाव आ गया। पसीने पोछकर परेशान होने वाले लोग राहत महसूस करने लगे। बता दें कि सुबह का अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज था । आंधी के बाद तापमान में तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। तापमान 37 डिग्री पहुंच गया। इसके अलावा इस आंधी से जिले में कहीं पेड़ गिरने की सूचना नहीं है।
दो दिन तक बारिश का अनुमान
पश्चिमी विक्षोम का प्रभाव अभी दो दिनों तक रहेगा।मौसम विभाग ने शुक्रवार एवं शनिवार को बारिश की संभावना व्यक्त की है। इसके अलावा तापमान में गिरावट रहेगी। तापमान 35 से 36 डिग्री तक रहेगा । इससे लोगों को चिलचिलाती धूप से निजात मिलेगी। हालांकि की सोमवार को मौसम करवट लेगा और तापमान में बढ़ोतरी होगी। दिन भर गर्मी रहेगी और शाम को तापमान सामान्य रहेगा। रात में गर्मी नहीं सताएगी। इसके अलावा मौसम विभाग ने अप्रैल के अंतिम सप्ताह में भी पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना भी व्यक्त की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।