निगम मुख्यालय पर सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया
गाजियाबाद में नगर निगम मुख्यालय पर सफाई कर्मचारियों और स्वास्थ्य विभाग के सुपरवाइजर ने प्रदर्शन किया। उन्होंने नंदग्राम में सफाई नायक दीपक भारती पर हुए हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।...

गाजियाबाद। नगर निगम मुख्यालय पर शुक्रवार को सफाई कर्मचारियों और स्वास्थ्य विभाग के कई सुपरवाइजर ने प्रदर्शन किया। उन्होंने नगर आयुक्त को ज्ञापन देकर नंदग्राम में सफाई नायक का हाथ तोड़ने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही हमलावरों पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने नगर आयुक्त को बताया कि कुछ दिन पहले नंदग्राम में सफाई नायक दीपक भारती की पिटाई कर हाथ तोड़ दिया था। वह अतिक्रमण और गंदगी हटाने के लिए अभियान चला रहे थे। यह अभियान हनुमान मंदिर से अटल चौक होते हुए वाल्मिकी पार्क तक चलाया गया था। इसमें प्रतिबंधित पॉलीथिन मिलने पर जुर्माना लगाया जा रहा था।
आशीष यादव पर गंदगी का पांच हजार रुपये जुर्माना लगाया। उसी दौरान कुछ लोग ने दीपक भारती पर हमला कर घायल कर दिया था। इस संबंध में उन्होंने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने हमलावरों का शांतिभंग में मुकदमा दर्ज किया। सफाई कर्मचारियों ने बताया कि पुलिस हमलावरों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। उन्होंने हमलावरों पर सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का मुकदमा निगम की तरफ से दर्ज कराने की मांग की। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सफाई कर्मचारियों की समस्या सुनी। उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. मिथिलेश कुमार को कार्रवाई कराने के निर्देश दिए। इसके बाद कर्मचारी लौट गए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।