ED Arrests Former Congress MLA Dharm Singh Chhokar in Money Laundering Case कांग्रेस के पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर दिल्ली से गिरफ्तार , Gurgaon Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsGurgaon NewsED Arrests Former Congress MLA Dharm Singh Chhokar in Money Laundering Case

कांग्रेस के पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर दिल्ली से गिरफ्तार

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कांग्रेस के पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर को पंचतारा होटल से गिरफ्तार किया। उनकी गिरफ्तारी धनशोधन अधिनियम के तहत हुई है। छौक्कर पर 1,500 लोगों से धोखाधड़ी करने का आरोप है और...

Newswrap हिन्दुस्तान, गुड़गांवTue, 6 May 2025 12:56 AM
share Share
Follow Us on
कांग्रेस के पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर दिल्ली से गिरफ्तार

नई दिल्ली/गुरुग्राम। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राजधानी के पंचतारा होटल से हरियाणा की समालखा सीट से कांग्रेस के पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी मामूली झड़प के बाद हुई है। प्रवर्तन निदेशालय ने धनशोधन अधिनियम के तहत दर्ज मामले में कार्रवाई की। छौक्कर काफी दिनों से फरार चल रहे थे। ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे खुफिया सूचना मिली थी कि छौक्कर कुछ लोगों के साथ राजधानी के पंचतारा होटल के बार में मौजूद हैं। गुरुग्राम की विशेष पीएमएलए अदालत की ओर से छौक्कर को भगोड़ा घोषित करने के अलावा उनके खिलाफ जारी सात गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) के अनुसरण में ईडी के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे थे।

ईडी के अधिकारियों ने आरोप लगाया कि जब छौक्कर से सामना हुआ, तो वह फौरन बाहर की ओर भागने लगे। अधिकारियों ने ईडी के गुरुग्राम जोन के संयुक्त निदेशक नवनीत अग्रवाल के साथ मिलकर पूर्व विधायक का पीछा किया और उन्हें पकड़ लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि छौक्कर ने ईडी अधिकारियों और होटल के कर्मचारियों पर हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों को बुलाया गया। जांच एजेंसी ने बताया कि ईडी ने स्थानीय पुलिस को बुलाया। इसके बाद छौक्कर को दिल्ली स्थित ईडी मुख्यालय ले जाया गया। इसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया। पानीपत जिले की समालखा विधानसभा सीट से पूर्व विधायक छौक्कर को पिछले साल हुए चुनाव में कांग्रेस ने उसी सीट से प्रत्याशी बनाया था, पर वह हार गए थे। कई गैर-जमानती वारंट जारी थे विशेष धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत ने धर्म सिंह छौक्कर और विकास छौक्कर के खिलाफ कई गैर-जमानती वारंट जारी किए हैं। ईडी ने मार्च में कहा था कि एजेंसी ने उन्हें 19 मई को अदालत के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया था। धनशोधन का यह मामला गुरुग्राम पुलिस द्वारा साई आईना फार्म्स और उससे जुड़ी कंपनियों के खिलाफ दर्ज की गई प्राथमिकी पर आधारित है। पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर माहिरा होम्स समूह के मालिक हैं। माहिरा होम्स की ही दूसरी कंपनी साई आईना फार्म्स है। इस कंपनी के तहत गुरुग्राम के सेक्टर-69 में प्रोजेक्ट को लांच किया गया था। एक बेटा जमानत पर, दूसरा फरार चल रहा छौक्कर, उनके बेटों विकास छौक्कर और सिकंदर छौक्कर पर घर खरीदने वाले 1,500 लोगों के साथ धोखाधड़ी करने और उनसे 500 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हड़पने का आरोप लगा है। सिकंदर को पिछले साल ईडी ने गिरफ्तार किया था और वह फिलहाल जमानत पर बाहर है, जबकि विकास छौक्कर फरार है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।