दिल्ली-NCR में लू का अलर्ट, 2 दिन 43 डिग्री का टॉर्चर; IMD ने बताया 30 तक के मौसम का हाल
delhi-ncr weather update: दिल्ली-एनसीआर में गर्मी ने जोर पकड़ ली है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने और लू चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

delhi-ncr weather update: दिल्ली-एनसीआर में गर्मी ने जोर पकड़ ली है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने और लू चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सोमवार को 41.6 डिग्री तापमान के साथ इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने 25 और 26 अप्रैल को लू चलने की संभावना जताई है। इस दौरान 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक 39.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.0 डिग्री कम 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली-एनसीआर में इस सप्ताह तापमान बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 24 से 28 अप्रैल के बीच तापमान 40 डिग्री से ऊपर रह सकता है। 25 और 26 अप्रैल को तापमान के 43 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। इस दौरान लू चलने की भी संभावना जताई गई है।
24 अप्रैल को उत्तर भारत के पहाड़ों में पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर में इसका असर पड़ने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने 26 से 30 अप्रैल तक आंशिक बादल छाए रहने की संभावना जताई है। 27 और 28 अप्रैल से गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी और अधिकतम तापमान 43 डिग्री से 41 पर पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, 29 और 30 अप्रैल को अधिकतम तापमान और नीचे गिरकर 40 डिग्री पर पहुंचने की उम्मीद है।
खराब श्रेणी में राजधानी की हवा
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार सुबह 9 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 235 के साथ खराब श्रेणी में दर्ज की गई। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 के बीच को 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच को 'मध्यम', 201 से 300 के बीच को 'खराब', 301 से 400 के बीच को 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच को 'गंभीर' माना जाता है।