MCD वार्ड समिति चुनाव: BJP, AAP और IVP ने कितने उतारे उम्मीदवार, क्या समीकरण?
दिल्ली नगर निगम के सभी 12 जोन में वार्ड समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर दो जून को होने वाले चुनाव के लिए मंगलवार को कांग्रेस को छोड़कर सभी अन्य राजनीतिक दलों ने पर्चे दाखिल किए।

दिल्ली नगर निगम के सभी 12 जोन में वार्ड समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर दो जून को चुनाव होंगे। इस चुनाव के लिए मंगलवार को कांग्रेस को छोड़कर सभी अन्य राजनीतिक दलों ने नामांकन दाखिल किए। निगम मुख्यालय में स्थित ए ब्लॉक निगम सचिव शिव प्रसाद, सहायक सचिव मुकेश कुमार और जितेंद्र कुमार की उपस्थिति में उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए। मंगलवार को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक नामांकन दाखिल हुए। भाजपा ने 21, आम आदमी पार्टी ने 25 और इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी (IVP) ने दो उम्मीदवार उतारे हैं।
स्थायी समिति के गठन का रास्ता होगा साफ
वार्ड समिति के चुनाव के बाद स्थायी समिति के गठन का रास्ता भी साफ हो जाएगा। इससे पहले बीते वर्ष चार सितंबर को वार्ड समिति के चुनाव संपन्न हुए थे। उस दौरान सात जोन की वार्ड समिति में भाजपा ने और पांच जोन की वार्ड समिति पर आम आदमी पार्टी ने चुनाव जीता था।
इन जोन में राजनीतिक दल लड़ रहे चुनाव
इसमें भाजपा ने सिविल लाइंस जोन, केशवपुरम जोन, नरेला जोन, मध्य जोन, दक्षिण जोन, नजफगढ़ जोन, शाहदरा उत्तरी और शाहदरा दक्षिण जोन की कुल आठ जोन की वार्ड समिति के लिए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर उम्मीदवार उतारें है। इसके अलावा भाजपा ने रोहिणी जोन और पश्चिम जोन की वार्ड समिति से सिर्फ उपाध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार उतारें हैं। भाजपा ने सिटी सदर पहाड़गंज जोन और करोल बाग जोन में उम्मीदवार नहीं उतारा है।
AAP ने 11 जोन उतारे उम्मीदवार
आम आदमी पार्टी ने सिटी सदर पहाड़गंज जोन, सिविल लाइंस जोन, करोल बाग जोन, रोहिणी जोन, नरेला जोन, पश्चिम जोन, दक्षिणी जोन, नजफगढ़ जोन और शाहदरा उत्तरी और शाहदरा दक्षिण जोन की कुल 11 जोन की वार्ड समिति के लिए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर उम्मीदवार उतारे हैं। इसके अलावा आप ने मध्य जोन की वार्ड समिति से सिर्फ अध्यक्ष पद पर उम्मीदवार उतारा है। नए गठित राजनितिक दल इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी (आईवीपी) ने रोहिणी जोन और पश्चिम जोन की वार्ड समिति के लिए सिर्फ अध्यक्ष पद पर उम्मीदवार उतारें हैं।
स्थायी समिति के रिक्त पदों पर चुनाव होंगे
आम आदमी पार्टी ने सिटी सदर पहाड़गंज जोन और दक्षिण जोन वार्ड समिति से स्थायी समिति के रिक्त सदस्य पद के लिए उम्मीवारों को उतारा। जबकि भाजपा ने दक्षिण जोन वार्ड समिति से स्थायी समिति के सदस्य के लिए उम्मीदवार उतारा है।
दो जोन में स्थायी समिति के सदस्य पद पर चुनाव
आम आदमी पार्टी के दक्षिणपुरी से पार्षद रहे प्रेम चौहान दक्षिण जोन वार्ड समिति से स्थायी समिति के सदस्य चुने गए थे और चांदनी चौक से पार्षद रहे पुनर्दीप सिंह सिटी सदर पहाड़गंज जोन वार्ड समिति से स्थायी समिति के सदस्य चुने गए थे। दोनों के विधायक बनने के बाद अब फिर से इन दोनों वार्ड समिति में से स्थायी समिति के दो सदस्य पद रिक्त हो गए थे।
क्या समीकरण?
रोहिणी, पश्चिम और दक्षिण की वार्ड समिति में काटे की टक्कर होने की उम्मीद है। पिछली बार भाजपा ने दक्षिण जोन में उम्मीदवार नहीं उतारा था। जबकि इस बार भाजपा ने दक्षिण जोन से दोनों अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर उम्मीदवार उतारे हैं। इसके अलावा रोहिणी और पश्चिम जोन की वार्ड समिति के लिए आम आदमी पार्टी की इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी (आईवीपी) के साथ अध्यक्ष पद पर चुनाव में लड़ाई है। जबकि, इन दोनों जोन की वार्ड समिति में आम आदमी पार्टी और भाजपा की उपाध्यक्ष पद पर सीधी टक्कर होगी। इसके अलावा मध्य जोन की वार्ड समिति में भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच अध्यक्ष पद चुनाव में सामना होगा।
क्या है इस चुनाव के मायने?
वार्ड समिति के चुनाव संपन्न होने बाद दो वार्ड समिति से स्थायी समिति के रिक्त सदस्यों पद तय हो जाएंगे। इसके बाद निगम की सबसे ताकतवर वैधानिक समिति स्थायी समिति के गठन की प्रकिया शुरू हो जाएगी। अभी मौजूदा समय में भाजपा के नौ और आम आदमी पार्टी के पास कुल छह स्थायी समिति के सदस्य चयनित हुए हैं। इनमें भाजपा के पास दो सदन से और सात वार्ड समिति के स्थायी समिति के सदस्य मौजूद हैं। जबकि आम आदमी पार्टी के पास तीन सदन से और तीन वार्ड समिति से स्थायी समिति के सदस्य मौजूद हैं। स्थायी समिति के कुल 18 सदस्य होते हैं। जिनमें से 12 वार्ड समिति से और छह सदन से चुनकर आते हैं। सदन से चुने जाने वाले सदस्य का चुनाव तीन जून को होगा। इसका नामांकन बुधवार को होगा।