एमसीडी मेयर चुनाव का बहिष्कार करेगी आप
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली नगर निगम के महापौर और उपमहापौर चुनाव का बहिष्कार किया है। पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने असंवैधानिक तरीके से चुनाव कराने की कोशिश की। पूर्व मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय ने कहा कि...

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली नगर निगम के महापौर और उपमहापौर चुनाव का बहिष्कार करने का ऐलान किया है। आप का कहना है कि वह इस चुनाव में भाग नहीं लेगी। अब दिल्ली में भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार है। केंद्र और राज्य के अलावा अब एमसीडी में भी भाजपा बहुमत में है। ऐसे में भाजपा पूरी तरह से दिल्ली को संभाले। भाजपा चुनाव के दौरान लोगों से किए वादों को पूरा करेगी। आप विपक्ष की भूमिका निभाएगी और भाजपा को उसकी जिम्मेदारी याद दिलाएगी। बृहस्पतिवार को आप मुख्यालय पर प्रेसवार्ता कर पूर्व मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय, नेता सदन मुकेश गोयल और पार्षद अंकुश नारंग ने यह बातें कहीं। डॉ. शैली ओबेरॉय ने आरोप लगाया कि भाजपा ने छल-कपट के जरिए एमसीडी के सभी वार्ड का परिसीमन किया। इसके बावजूद दिसंबर 2022 में हुए एमसीडी के चुनाव में जनता ने पूर्ण बहुमत के साथ आम आदमी पार्टी को जिताया। उन्होंने कहा कि जब मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव होना था। तब भी भाजपा ने असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक तरीके से मेयर व डिप्टी मेयर का चुनाव कराने की कोशिश की। इसके बाद भाजपा ने स्टैंडिंग कमेटी का चुनाव भी रोकने की कोशिश की और अब तक स्टैंडिंग कमेटी का गठन नहीं हो पाया है। इसका खामियाजा दिल्ली की जनता को भुगतना पड़ा, लेकिन नगर निगम की आप सरकार ने जनता के हित में बहुत सारे काम किए। कुछ दिन पहले मेयर की अध्यक्षता में एमसीडी के सदन में सभी विभाग के करीब 12 हजार सफाई कर्मचारियों को नियमित करने और लोगों को राहत देने के लिए हाउस टैक्स का प्रस्ताव पास किया गया।
निगम के कर्मचारियों को पदोन्नत किया जाए : गोयल
नेता सदन मुकेश गोयल ने आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले दो वर्ष में एमसीडी की आप की सरकार ने दिल्ली की जनता के लिए जो भी योजनाएं लेकर आई, उसे भाजपा के दबाव में निगमायुक्त ने रद्दी की टोकरी में डाल दिया। आप का उद्देश्य था कि नगर निगम के कर्मचारियों को उनकी प्रमोशन दी जाए, उन्हें पक्का किया जाए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।