किसान ने कीमतें गिरने पर सोयाबीन की फसल नष्ट कर दी
मध्य प्रदेश के मंदसौर में एक किसान ने अपनी सोयाबीन की फसल नष्ट कर दी, क्योंकि उसे उचित मूल्य नहीं मिला। कांग्रेस ने भाजपा की कृषि नीतियों पर सवाल उठाए। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस...

मध्य प्रदेश के मंदसौर की घटना के बाद कांग्रेस ने भाजपा की नीतियों पर सवाल उठाए भोपाल/मंदसौर, एजेंसियां। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में एक किसान ने अपनी सोयाबीन की फसल नष्ट कर दी। उसका दावा है कि उसे अपनी उपज का अच्छा मूल्य नहीं मिला। इसके बाद कांग्रेस ने भाजपा नीत सरकार की कृषि नीतियों पर सवाल उठाए हैं।
सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में मंदसौर के देवरिया गांव के निवासी किसान कमलेश पाटीदार ट्रैक्टर से अपने खेत में खड़ी फसल को नष्ट करते नजर आ रहे हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रमुख जीतू पटवारी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में वीडियो साझा करते हुए कहा, ‘मंदसौर के गरोठ में एक चौंकाने वाली और चिंताजनक घटना हुई। किसान कमलेश पाटीदार ने सोयाबीन की फसल पर ट्रैक्टर चला दिया, क्योंकि बाजार मूल्य से उन्हें लाभ होने के बजाय नुकसान हो रहा था।
कांग्रेस नेता ने पोस्ट में मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को टैग किया और कहा कि यह दर्द सिर्फ एक का नहीं, बल्कि राज्य के हजारों किसान परिवारों का है।
उन्होंने आगे दावा किया कि सत्ता में आने के बाद भाजपा सोयाबीन की फसल के लिए न्यूनतम बिक्री मूल्य के बारे में अपना वादा पूरा करने में विफल रही है। किसान ने कहा कि उसके पास 140 क्विंटल पुराना सोयाबीन था, जिसे उसने शामगढ़ मंडी में 3,800 रुपये प्रति क्विंटल में बेचा। उन्होंने कहा कि अगर सोयाबीन का नया भाव 3,500 रुपये से 3800 रुपये प्रति क्विंटल खुलता है तो किसानों को नुकसान होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।