Delhi Weather Update Cloudy Skies Below Average Temperatures and Yellow Alert for Rain मौसम का मिजाज : मौसम की मेहरबानी से चार डिग्री नीचे रहा पारा, Delhi Hindi News - Hindustan
Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsDelhi Weather Update Cloudy Skies Below Average Temperatures and Yellow Alert for Rain

मौसम का मिजाज : मौसम की मेहरबानी से चार डिग्री नीचे रहा पारा

नई दिल्ली में सोमवार को बादल छाए रहे और हवा की गति तेज रही। अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम रहा। मौसम विभाग ने मंगलवार को तेज आंधी और बूंदाबांदी का अनुमान जताया है और येलो अलर्ट जारी किया है।...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीMon, 2 June 2025 08:36 PM
share Share
Follow Us on
मौसम का मिजाज : मौसम की मेहरबानी से चार डिग्री नीचे रहा पारा

नई दिल्ली, प्रमुख संवाददाता। राजधानी में सोमवार को दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही। इस दौरान हवा की गति भी तेज थी। इसके चलते दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग चार डिग्री नीचे रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। दिल्ली में पिछले दिनों हुई बारिश के चलते मौसम में नमी की मात्रा बनी हुई है। इससे तापमान में तेजी से इजाफा नहीं हुआ। इस दौरान मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.9 डिग्री कम है।

न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.3 डिग्री कम है। आर्द्रता का स्तर 95 से 46 फीसदी तक रहा। पालम इलाके में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री और रिज इलाके में पांच डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। इसलिए बदल रहा मौसम : दिल्ली और आसपास के क्षेत्र में मई में लगातार ही कोई न कोई मौसमी परिघटना सक्रिय रही। कभी पश्चिमी विक्षोभ, कभी साइक्लोनिक सरकुलेशन तो कभी हवा के निम्न दबाव का क्षेत्र। इनसे अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से काफी मात्रा में नमी खिंचकर आ रही है। यह नमी तेज धूल भरी आंधी के बाद बारिश के रूप में बरस रही है। मई में लगातार बनने वाली इन परिघटनाओं के चलते ऐतिहासिक तौर पर बारिश का रिकॉर्ड बना है। अब जून में भी मौसम का यही रुख नजर आ रहा है। रविवार को दिल्ली के तमाम इलाकों में तेज धूल भरी आंधी के साथ बारिश हुई थी। इसका असर सोमवार के मौसम पर भी देखने को मिला। दो दिन बाद पारा बढ़ने के आसार मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को भी तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। बीच में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। इसके चलते अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। इसके चलते तापमान सामान्य से नीचे रहेगा। बुधवार के बाद तापमान में हल्का इजाफा होने की संभावना है। हालांकि, अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे ही रहने की संभावना है। दिल्ली की हवा मध्यम श्रेणी में रही अलग-अलग मौसमी परिघटनाओं का असर तापमान के साथ-साथ प्रदूषण के स्तर पर भी देखने को मिल रहा है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 158 अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। अगले दो दिनों के बीच भी वायु गुणवत्ता का स्तर इसी के आसपास रहने की संभावना है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।