युवती की चाकू से गोदकर हत्या के बाद शव जलाने की कोशिश
दिल्ली के महरौली इलाके में 18 वर्षीय युवती महक जैन की चाकू से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को जलाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहा। पुलिस ने 22 घंटे बाद शव बरामद किया और आरोपी को हिरासत में...

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। महरौली इलाके में एक युवक ने 18 वर्षीय युवती की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने युवती के शव को जलाने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहा। हत्या के तकरीबन 22 घंटे बाद पुलिस ने युवती के शव को महरौली स्थित संजय वन से बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद दो जिलों की पुलिस करीब 2 घंटे तक सीमा विवाद में उलझी रही। बाद में वरिष्ठ अफसरों के दखल पर महरौली थाने में हत्या और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया। एफआईआर के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
वहीं, युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 18 वर्षीय महक जैन परिवार के साथ जहांगीरपुरी इलाके में रहती थी। परिवार में माता-पिता के अलावा एक बड़ी बहन है, जो नोएडा में रहकर निजी कंपनी में नौकरी करती है। पिता चांदनी चौक स्थित कपड़े की दुकान में नौकरी करते हैं। परिवार मूलत: उत्तर प्रदेश के मथुरा का रहने वाला है। महक दिल्ली विश्वविद्यालय के ओपन विभाग से बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। वह विवेक विहार स्थित विवेकानंद कॉलेज में पढ़ने जाती थी। वहीं, आरोपी अर्श कीरत परिवार के साथ रानी बाग इलाके में रहता है। वह भी दिल्ली विश्वविद्यालय के ओपन विभाग से बीए प्रथम वर्ष का छात्र है। एक साल से दोनों में थी दोस्ती पुलिस ने बताया कि आरोपी अर्श कीरत और महक जैन में बीते एक साल से दोस्ती थी। दोनों साथ में घूमते भी थे। इस बात की जानकारी तीन महीने पहले महक के परिजन को हुई, तो उन्होंने दोनों के मिलने-जुलने पर पाबंदी लगा दी। साथ ही अर्श के परिजन को भी इस बारे में बताया। इसके बाद दोनों ने मिलना बंद कर दिया था। कॉलेज जाने की बात कह घर से निकली थी महक पुलिस ने बताया कि महक रविवार सुबह 8 बजे घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वह वहां नहीं पहुंची। वह अर्श कीरत से मिलने करीब 10.30 बजे संजय वन पहुंच गई। यहां दोनों के बीच झगड़ा हो गया और तैश में आकर अर्श ने महक पर चाकू से ताबड़तोड़ पांच वार कर दिए। इस दौरान आरोपी खुद भी घायल हो गया। चाकू लगने से उसके हाथ में गहरा घाव हो गया। हमले में युवती की मौत के बाद आरोपी ने उसके शव को पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की। वह छोटी बोतल में पेट्रोल लेकर आया था, लेकिन शव पूरी तरह जला नहीं। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। खुद ही पहुंचा अस्पताल अर्श घायल अवस्था में रैपिडो बाइक चालक की मदद से रानी बाग स्थित भगवान महावीर अस्पताल पहुंचा। यहां उसने अपना इलाज कराया और देर शाम घर पहुंचा गया। उसे घायल देखकर पिता ने चोट लगने का कारण पूछा, तो बताया कि महक ने दो लोगों के साथ मिलकर उस पर चाकू से हमला कराया है। युवती की तलाश कर रहे थे परिजन सूत्रों ने बताया कि युवती की अपने परिजन से अंतिम बार 11 बजे बात हुई थी। उसने बताया कि वह एक बजे कॉलेज से निकलेगी और तीन बजे तक घर पहुंचा जाएगी, लेकिन वह शाम तक घर नहीं पहुंची। उसका फोन भी बंद मिला। इससे परेशान परिजन ने महक की सहेलियों से उसके बारे में पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसी दौरान देर शाम उनके पास अर्श के पिता का फोन आया। उन्होंने बताया कि महक ने उनके बेटे पर चाकू से हमला कराया है। महक के बारे में पूछने पर उन्होंने बताया कि वह संजय वन में है। जिसके बाद परिजन ने पुलिस से संपर्क किया। युवती के परिजन से की बदसलूकी परिजन का आरोप है कि वह मामले की जानकारी देने के लिए जहांगीर पुरी थाने पहुंचे, तो उन्हें महरौली थाने जाने के लिए कहा गया। महरौली थाने पहुंचे, तो उन्हें संजय वन चौकी भेज दिया गया। आरोप है कि यहां पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बदसलूकी करते हुए उन्हें भगा दिया। इस पर परिजन वापस महरौली थाने पहुंचे। देर रात तक वहां रुकने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत की गई। जिसके बाद महरौली थाना पुलिस ने संजय वन में युवती की तलाश शुरू की। रात को दो बार युवती की तलाश की गई, लेकिन शव नहीं मिला। सीमा विवाद में उलझी पुलिस सोमवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस ने महक का शव संजय वन से बरामद किया। संजय वन का आधा हिस्सा दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली जिला के किशनगढ़ थाना क्षेत्र में आता है। ऐसे में महरौली थाना पुलिस ने युवती के परिजन को किशनगढ़ थाने जाने को कहा। किशनगढ़ थाना पुलिस भी सूचना के बाद संजय वन पहुंच गई। जहां दोनों थानों की पुलिस में लंबे समय तक हत्या का केस दर्ज करने को लेकर विवाद हुआ। बाद में वरिष्ठ अफसरों के निर्देश पर महरौली थाने में केस दर्ज किया गया। कब क्या हुआ - सुबह 8 बजे अर्श कीरत संजय वन में जाते हुए दिखा। - करीब 10.30 बजे महक संजय वन पहुंची। - 12.30 बजे अर्श कीरत घायल अवस्था में संजय वन से निकला। - 2.30 बजे भगवान महावीर अस्पताल पहुंचा, जहां इलाज कराया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।