Noida 19 mandals party officials team will be formed regarding 2027 uttar Pradesh elections मिशन 2027 की तैयारी शुरू,जिले के 19 मंडलों में पदाधिकारियों की टीम तैयार करेगी BJP, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर NewsNoida 19 mandals party officials team will be formed regarding 2027 uttar Pradesh elections

मिशन 2027 की तैयारी शुरू,जिले के 19 मंडलों में पदाधिकारियों की टीम तैयार करेगी BJP

भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री ने पश्चिम क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मंडल स्तर तक मजबूत टीम खड़ी करने और विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद जिला स्तर पर मंडल इकाइयों के गठन के लिए जोर आजमाइश शुरू हो चुकी है।

Utkarsh Gaharwar हिन्दुस्तान, नोएडाThu, 15 May 2025 07:04 AM
share Share
Follow Us on
मिशन 2027 की तैयारी शुरू,जिले के 19 मंडलों में पदाधिकारियों की टीम तैयार करेगी BJP

भाजपा ने मिशन 2027 की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी के पदाधिकारी इसके लिए सबसे पहले मंडल इकाई को मजबूत करने में जुट गए हैं। जिला संगठन गौतमबुद्ध नगर के 19 मंडलों में 1140 पदाधिकारियों की टीम तैयार करेगा। प्रदेश संगठन मंत्री ने जिला संगठन को हर मंडल पर 60-60 लोगों की टीम तैयार करने के निर्देश दिए हैं। यह टीम आने वाले 10 दिनों में तैयार होनी है।

भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री ने पश्चिम क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मंडल स्तर तक मजबूत टीम खड़ी करने और विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद जिला स्तर पर मंडल इकाइयों के गठन के लिए जोर आजमाइश शुरू हो चुकी है। गौतमबुद्ध नगर में भाजपा के कुल 19 मंडल हैं। इनमें नोएडा महानगर में आठ और गौतमबुद्ध नगर जिले में 11 मंडल हैं। दिसंबर में 13 मंडल अध्यक्षों की घोषणा की गई थी और एक मंडल अध्यक्ष की घोषणा बाद में हुई थी। जिले में चार और नोएडा महानगर में अब भी एक मंडल ऐसा है, जिस पर अध्यक्ष की घोषणा नहीं हो सकी है।

जिले में वर्तमान में सिर्फ 14 मंडलों पर ही टीम का गठन किया जाएगा, जिसमें 840 पार्टी कार्यकर्ताओं को मंडल की टीम में जिम्मेदारी दी जाएगी। मंडल की टीम में जिम्मेदारी हासिल करने के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपने आकाओं के यहां पर हाजिरी लगानी शुरू कर दी है। मंडल की टीम में मंडल अध्यक्ष के अलावा छह उपाध्यक्ष, छह मंत्री, दो महामंत्री, एक कोषाध्यक्ष और अन्य सदस्य बनाए जाएंगे। इसके लिए 70 लोगों के नाम मंडल अध्यक्ष की ओर से संगठन को भेजे जाएंगे। इनमें से 60 का चयन होना है।

भाजपा ने 16 मार्च को नए जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा कर दी थी। इसके बाद नए जिलाध्यक्षों को संगठन की कमान संभाल हुए करीब दो माह हो गए, लेकिन अब तक उनकी जिले की नई टीम का गठन नहीं हुआ। प्रदेश संगठन मंत्री की बैठक में पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं ने मुद्दा उठाया था कि नए जिलाध्यक्षों ने पार्टी की निवर्तमान संगठन टीम को किनारे कर दिया है और वह अपने कुछ करीबियों से संगठन का काम ले रहे हैं। इस पर प्रदेश संगठन मंत्री ने नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए थे कि पुरानी टीम भाजपा की है। किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, नई टीम के बनने तक ये ही टीम कार्य करेगी। उल्लेखनीय है कि अब तक नए जिलाध्यक्षों ने अपनी नई टीम नहीं बनाई है। माना जा रहा है कि नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन के बाद ही जिलों में संगठन अपनी नई टीम बनाएगा।

भाजपा इस बार सोशल मीडिया की टीम को भी मजबूत कर रही है। इसके लिए पहली बार संगठन में मंडल की टीम में सोशल मीडिया प्रमुख, आईटी प्रमुख को मनोनीत किया जाएगा। इसके साथ ही एक कार्यालय प्रभारी भी मनोनीत किया जाएगा। सोशल मीडिया के पदाधिकारियों की जिम्मेदारी होगी कि वे पार्टी के अभियानों और कार्यक्रम का प्रचार करें।