दिल्ली में अचानक सरकारी स्कूलों के दौरे पर क्यों पहुंचीं सीएम रेखा गुप्ता, क्या है PM श्री योजना वाला प्लान
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को दिल्ली के सरकारी स्कूलों के प्रिंसिपलों के साथ बैठक की। इस बैठक के बाद उन्होंने पिछली सरकार पर जमकर निशाना साधा और वादा कियाकि वह दिल्ली के सराकरी स्कूलों को प्राइवेट स्कूलों से बेहतर करेंगी।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को दिल्ली के सरकारी स्कूलों का दौरा किया और वहां के प्रिंसिपलों के साथ मीटिंग भी की। इस बैठक के बाद उन्होंने पिछली सरकार पर जमकर निशाना साधा और वादा कियाकि वह दिल्ली के सराकरी स्कूलों को प्राइवेट स्कूलों से बेहतर करेंगी। ऐसा उनकी नई पीएम श्री योजना के तहत किया जाएगा जिसके जरिए दिल्ली में 75 पीएम श्री स्कूल बनाए जाएंगे। उन्होंने स्कूल इंफ्रास्ट्रक्चर, पढ़ाई और स्टाफ की कमी को लेकर केजरीवाल सरकार पर कई आरोप भी लगाए।
केजरीवाल सरकार का आर्टिफिशियल शिक्षा मॉडल
उन्होंने कहा, अरविंद केजरीवाल की सरकार ने सरकारी स्कूलों के एजुकेशन मॉडल की खूब चर्चा की, खूब ढोल पीटे लेकिन आज भी स्कूलों की हालत वैसी ही है जैसे पहले थी। उन्होंने एक स्कूल की तरफ इशाना कर बताया कि इस स्कूल का 2018 में अरविंद केजरीवाल की सरकार ने जीर्णोद्धार किया था और दो साल से भी कम समय में यह अपनी पुरानी स्थिति में लौट आया। उन्होंने आरोप लगाया केजरीवाल सरकार का शिक्षा मॉडल आर्टिफिशियल मॉडल था।
सीएम रेखा गुप्ता ने आगे कहा, हैदरपुर गांव एक घनी आबादी वाला क्षेत्र है, लेकिन वहां एक भी ऐसा स्कूल नहीं है जहां साइंस पढ़ाया जाता हो। वे छात्र जो साइंस पढ़ना चाहते हैं, वे कहां जाएं? आप देख सकते हैं कि उनकी शिक्षा नीति किस दिशा में लक्षित है। अगर वे पिछले 11 सालों में एक भी साइंस स्कूल नहीं दे सके। स्कूलों में मैदान और बगीचों की हालत खस्ता है। स्कूलों में खेल की सुविधाएंनहीं हैं। ज्यादातर स्कूलों में कर्मचारियों की कमी है। वाइंस प्रिसिंपल को प्रिंसिपल की जिम्मेदारियां भी दी गई है। हम सुनिश्चित कर रहे हैं कि भर्ती ठीक से हो और सभी रिक्तियां भरी जाएं।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, हमारी सरकार आने के बाद अब सरकारी स्कूल में सभी भर्तियां होगी। 75 PM-SHRI स्कूल बनाए जाएंगे, जिसके जरिए सरकारी स्कूलों को प्राइवेट स्कूलों से बेहतर किया जाएगा।
प्रवेश वर्मा ने दिखाई स्कूल में बड़ी लापरवाही
दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने सीएम रेखा गुप्ता के साथ सरकार स्कूल के दौरे के दौरान बड़ी लापरवाही उजागर की। उन्होंने कहा, यह स्कूल बिल्डिंग साल 2018 में बनाई गई थी और अरविंद केजरीवाल ने स्कूलों के पुनर्विकास और उनकी शिक्षा नीति के बड़े-बड़े दावे किए थे। लेकिन उन्होंने बस अस्थायी रूप से इन दो इमारतों के बीच के गैप को एक शीट से ढक दिया है और इसे खराब कर दिया है। ये आर्किटेक्चर में बहुत बड़ी गलती है।