अपने घर की दीवारों को सुंदर-सुंदर पेंटिंग्स से सजाना सभी को पसंद होता है। घर की सादी दीवारों पर जैसी ही रंगीन कलाकारी लग जाती है, पूरे घर का लुक ही एकदम बदल जाता है। लेकिन क्या कभी आपने गौर किया है कि हर पेंटिंग पर बना चित्र, कोई ना कोई संदेश देता है। आपने खुद भी महसूस किया होगा कि एक पेंटिंग से एक खास किस्म की एनर्जी जुड़ी होती है। जहां कुछ पेंटिंग्स को देखने पर काफी सूदिंग और रिलैक्सिंग महसूस होता है, वहीं किसी पेंटिंग को देखकर थोड़ी नेगेटिव सी वाइब आती है। वास्तु में भी ठीक इसी बात का जिक्र किया गया है। तो चलिए आज जानते हैं कि किस तरह की तस्वीरें घर में लगाना अवॉइड करना चाहिए। क्योंकि वास्तु के हिसाब से ये पेंटिंग्स घर में नेगेटिविटी अट्रैक्ट करने का काम करती हैं।
जंगली जानवरों की पेंटिंग्स देखने में भले ही कितनी भी सुंदर लगती हों लेकिन इन्हें घर में लगाने की गलती नहीं करनी चाहिए। ऐसा कहा जाता है कि हिंसक जंगली जानवरों की तस्वीर घर में लगाने से, घर के लोगों में भी क्लेश, कलह और हिंसा का माहौल बन जाता है। इससे परिवार के लोगों के रिश्ते आपस में बिखरने लगते हैं और लड़ाई झगड़े बढ़ जाते हैं।
मॉडर्न आर्टवर्क पसंद करने वाले लोग अक्सर घरों में दुखी और रोते हुए लोगों की पेंटिंग्स लगा देते हैं। जबकि ऐसी पेंटिंग्स को घर में नेगेटिविटी अट्रैक्ट करने वाला माना जाता है। ऐसी पेंटिंग दुख, पीड़ा, तनाव और एंग्जाइटी जैसी भावनाओं को व्यक्त करती हैं। और इन्हें देखने वाला व्यक्ति भी कहीं ना कहीं वैसा ही महसूस करने लगता है। इसलिए इन्हें अवॉइड करने की ही सलाह दी जाती है।
अक्सर लोग घरों में बहती नदियों और झरनों की तस्वीरें लगा देते हैं। ये देखने में तो सुंदर लगती हैं लेकिन वास्तु के अनुसार इन्हें घर में लगाना अच्छा नहीं माना जाता। दरअसल बहता हुआ पानी अस्थिरता को दर्शाता है। माना जाता है कि इस तरह की पेंटिंग्स घर में लगाने से सारी धन-दौलत भी बहते पानी की तरह जल्दी-जल्दी खत्म होने लगती है।
दुनिया के सात अजूबों में से एक, बेदाग संगमरमर का बना हुआ ताज महल, देखने में भले ही कितना सुंदर हो लेकिन इसकी तस्वीर लगाना भी अवॉइड करना चाहिए। ताजमहल को प्यार की निशानी कहा जाता है लेकिन यह नहीं भूलना चाहिए कि ये एक कब्र है। घर में किसी तरह की कब्र की तस्वीर लगाना, नेगेटिविटी को अट्रैक्ट करता है।
वास्तु के अनुसार घर में किसी तरह के युद्ध, मारकाट या हिंसा से जुड़ी तस्वीर नहीं लगानी चाहिए। इसके अलावा भूत-प्रेत, आत्मा या काला जादू से जुड़ी पेंटिंग्स भी घर में लगाना अवॉइड करें। ये सभी घर में नेगेटिविटी फैलाने का काम करती हैं और कहीं ना कहीं मेंटल हेल्थ पर भी इनका नेगेटिव असर होता है।
भगवान शंकर का ही स्वरूप भगवान नटराज की तस्वीर भी घर में नहीं लगानी चाहिए। वास्तु के अनुसार भगवान नटराज शिव शंकर के तांडव को दर्शाती है, जो विनाश का प्रतीक है। इस तरह की तस्वीरें घर में लगाने से नकारात्मकता आती है। इसकी जगह भगवान शिव की सौम्य तस्वीर लगाएं, वो काफी शुभ मानी जाती है।