दही इंडियन डाइट का बड़ा अहम हिस्सा है। कई लोगों को तो रोजाना ही दही खाने की होती है, चाहे गर्मी हों या सर्दी। इसलिए वो घर पर ही सही जमाना प्रिफर करते हैं। हालांकि लोगों का अक्सर एक सवाल रहता है कि घर पर बाजार जैसी गाढ़ी और क्रीमी दही क्यों नहीं जम पाती है। खासतौर से गर्मियों में तो दही और भी ज्यादा फटी-फटी और खट्टी जमती है। घर पर दही जमाने में समय भी काफी ज्यादा लग जाता है। तो चलिए इन सभी परेशानियों को दूर करते हैं एक मजेदार ट्रिक के साथ। आज हम आपको सिर्फ एक से दो घंटे के अंदर-अंदर गाढ़ी, मलाईदार दही जमाने की टिप्स बता रहे हैं, जिन्हें फॉलो करने के बाद आप खुद हैरान हो जाएंगे।
गाढ़ी मलाईदार दही जमाने के लिए फुल क्रीम दूध का इस्तेमाल करें। इसे अच्छी तरह उबाल लें। अगर आप टोंड दूध इस्तेमाल कर रही हैं तो उसे उबलने के बाद धीमी आंच पर थोड़ी देर पका लें, ताकि वो थोड़ा गाढ़ा हो जाए। गाढ़े दूध में दही भी गाढ़ी और मलाईदार जमती है।
दही जमाते हुए आपको हमेशा हल्के गर्म दूध का ही इस्तेमाल करना चाहिए। ध्यान रहे दूध इतना गर्म हो कि आप उसमें उंगली डालकर उसकी गर्माहट को सहन कर सकें। बस जब दूध इतना ठंडा हो जाए तो एक प्याली में थोड़ा सा दूध निकालें और उसमें थोड़ी सी दही डालकर मिलाएं। अब इसे पूरे दूध में डाल लें।
दूध में जैसे ही जामन डाल दें, उसके बाद उसे किसी मथनी या व्हिस्कर की मदद से अच्छी तरह मंथ लें। हलवाई भी यही ट्रिक फॉलो करते हैं, जिससे उनकी दही काफी गाढ़ी और क्रीमी बनती है। इससे जामन अच्छी तरह दही में मिक्स होता है और दही का टेक्सचर बहुत अच्छा बनता है।
गर्मियों में दही जमाने के लिए मिट्टी का बर्तन बेस्ट होता है। इसमें बनी दही ज्यादा टेस्टी भी होती है और सेहत के लिए फायदेमंद भी। हालांकि पहली बार अगर आप इसका इस्तेमाल कर रहे हैं, तो दही जमने में 6 घंटे तक का समय लग सकता है। लेकिन बार-बार अगर इसी बर्तन में दही जमाने लगेंगे तो मात्र एक घंटे में भी आप अच्छी दही जमा पाएंगे।
दही मलाईदार जमे इसके लिए बर्तन को हल्का खुला छोड़ना जरूरी है। आप दही वाले बर्तन को किसी छेद वाली छन्नी से ढक कर रख सकते हैं। इसके ऊपर एक बड़ी परात से कवर कर दें। अगर किसी नॉर्मल प्लेट से दही वाले बर्तन को ढक रहे हैं तो हल्की सी जगह खुली छोड़ दें ताकि मलाई जम सके।
कई बार जब हम रात में जमी हुई दही को अगले दिन लंच में खाते हैं तो वो काफी पानी-पानी सी हो जाती है। इससे बचने के लिए बेस्ट है कि आप दही जमने के बाद उसे फ्रिज में रख दें। फ्रिज में दही गाढ़ी बनी रहेगी। ठंडी-ठंडी दही खाने का मजा भी कुछ और ही आएगा।