नड्डा टटोलेंगे संगठन की नब्ज! 31 मई को आएंगे जयपुर,कुछ यूं रहेगा कार्यक्रम
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 31 मई को जयपुर के एक दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। हालांकि, यह दौरा महज़ एक महिला केंद्रित कार्यक्रम में शिरकत तक सीमित नहीं रहने वाला है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 31 मई को जयपुर के एक दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। हालांकि, यह दौरा महज़ एक महिला केंद्रित कार्यक्रम में शिरकत तक सीमित नहीं रहने वाला है। सूत्रों के अनुसार, नड्डा प्रदेश संगठन की स्थिति को भी परख सकते हैं और इसके लिए एक अहम अनौपचारिक बैठक आयोजित की जा सकती है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि नड्डा दोपहर बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सकते हैं। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया सहित अन्य प्रमुख चेहरे मौजूद रह सकते हैं। प्रदेश कार्यालय में तैयारियां तेज़ कर दी गई हैं, हालांकि अभी तक भाजपा की ओर से बैठक का कोई आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है।
माना जा रहा है कि यह बैठक संगठनात्मक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण हो सकती है। नड्डा आगामी महीनों में चलाए जाने वाले विभिन्न संगठनात्मक अभियानों की रूपरेखा पर चर्चा कर सकते हैं। इसके साथ ही प्रदेश भाजपा की नई कार्यकारिणी को लेकर प्रारंभिक चर्चा की भी संभावना जताई जा रही है। पार्टी के भीतर से फीडबैक लिया जाएगा कि कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच संवाद और समन्वय कैसा चल रहा है।
सूत्रों के अनुसार, नड्डा इस दौरान यह भी जानने की कोशिश करेंगे कि प्रदेश सरकार और संगठन के बीच तालमेल किस स्तर का है। हाल ही में हुई बैठकों और घटनाक्रमों के आधार पर स्थानीय स्तर पर उभरे गुटबाजी और मतभेदों की रिपोर्ट भी उनके समक्ष रखी जा सकती है। यह बैठक भले ही अनौपचारिक हो, लेकिन इसके दूरगामी राजनीतिक असर माने जा रहे हैं।
इसके अलावा, नड्डा निकट भविष्य में होने वाले निकाय चुनावों को लेकर भी नेताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दे सकते हैं। यह दौरा जहां एक ओर महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के माध्यम से जनसंपर्क की रणनीति को बल देगा, वहीं दूसरी ओर संगठनात्मक कसौटी पर नेताओं की भूमिका और सक्रियता को भी परखेगा।
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के अनुसार, यह दौरा राजस्थान भाजपा के लिए आत्मविश्लेषण और सुधार की दिशा में एक निर्णायक मोड़ हो सकता है। आने वाले समय में यदि संगठन में कोई बड़ा बदलाव होता है तो उसकी झलक इस बैठक में देखी जा सकती है। नड्डा का यह दौरा न केवल पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए संदेशवाहक होगा, बल्कि आने वाले राजनीतिक समीकरणों का संकेत भी बन सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।