लखनऊ में 5 साल की बच्ची से रेप के आरोपी का एनकाउंटर, पैर में लगी गोली
लखनऊ में 5 साल की बच्ची से रेप के आरोपी के साथ पुलिस की मुडभेड़ हुई। एनकाउंटर में आरोपी के पैर में गोली है। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घायल बदमाश के पास से एक तमंचा, कारतूस, दो खोखे और एक बाइक बरामद की गई है।

लखनऊ में पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपित की मदेयगंज पुलिस से बुधवार तड़के मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से आरोपित कमल किशोर उर्फ भद्दर घायल हो गया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। घायल बदमाश के पास से एक तमंचा, कारतूस, दो खोखे और एक बाइक बरामद की गई है।
पुलिस उपायुक्त मध्य आशीष श्रीवास्तव के मुताबिक तड़के मदेयगंज पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस बीच रघुवंशी ढाल के पास संदिग्ध बाइक से जा रहे व्यक्ति को पुलिस ने रोकने का इशारा किया। वह रुकने के बजाए भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो वह फायरिंग करने लगा। पुलिस ने घेराबंदी की तो वह नीचे ढाल में उतर गया और आड़ लेकर फायरिंग करने लगा। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। आरोपित की पहचान सीतापुर जनपद के मानपुर कमियापुर के रहने वाले कमल किशोर उर्फ भद्दर के रूप में हुई।
पुलिस उपायुक्त के मुताबिक कमल यहां नया पक्का पुल के पास मदेयगंज में झुग्गी बस्ती में रहता था। मंगलवार सुबह कमल ने पड़ोस में रहने वाली पांच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया था। बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बच्ची के परिवारीजन की तहरीर पर मदेयगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए एसीपी महानगर नेहा त्रिपाठी की निर्देशन में पुलिस टीम का गठन किया गया था। गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम को 25 हजार रुपये इनाम की घोषणा की गई है।