Shake made in washing machine on Nirjala Ekadashi, what did people say, watch viral video निर्जला एकादशी पर वॉशिंग मशीन में बना दिया शेक, क्या बोली जनता; देखिए वायरल वीडियो, Rajasthan Hindi News - Hindustan
Hindi Newsराजस्थान न्यूज़Shake made in washing machine on Nirjala Ekadashi, what did people say, watch viral video

निर्जला एकादशी पर वॉशिंग मशीन में बना दिया शेक, क्या बोली जनता; देखिए वायरल वीडियो

मगर ये शेक वॉशिंग मशीन में बनता देख हर कोई हैरान है। इसे लेकर सोशल मीडिया पर तमाम तरह की बातें कहीं जा रही हैं, कोई साफ-सफाई की बातें कर रहा तो कोई तंज कसते हुए मजे ले रहा।

Ratan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, बीकानेरSun, 8 June 2025 05:59 PM
share Share
Follow Us on
निर्जला एकादशी पर वॉशिंग मशीन में बना दिया शेक, क्या बोली जनता; देखिए वायरल वीडियो

मैंगो शेक, बनाना शेक, पाइनएप्पल शेक... सड़क किनारे किसी दुकान-ठेली या रेस्टोरेंट में हम खूब चाव से तमाम तरह के शेक और जूस पीना पसंद करते हैं। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तैर रहा है, जिसमें कुछ लोग पाइनएप्पल शेक बनाते हुए दिख रहे हैं। मगर ये शेक वॉशिंग मशीन में बनता देख हर कोई हैरान है। इसे लेकर सोशल मीडिया पर तमाम तरह की बातें कहीं जा रही हैं, कोई साफ-सफाई की बातें कर रहा तो कोई तंज कसते हुए मजे ले रहा।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो राजस्थान के बीकानेर का बताया जा रहा है। वीडियो में सफेद महरून रंग की वॉशिंग मशीन दिखाई देती है, जिसमें दूध को तेजी के साथ फेंटते (अलग से डाली गई मशीन के जरिए) हुए दिखाया गया है। वीडियो की शुरुआत में वॉशिंग मशीन में दूध भरा दिखाई देता है, लेकिन तभी पीछे से आवाज आती है कि इसमें पंखा चला दो। पास खड़ा एक शख्स मोटर लगे पंखे को उसमें डालता है और दूध तेजी से घूमना शुरू हो जाता है।

तभी आवाज आती है कि पचास किलो दूध एक साथ इसके अंदर से निकल सकता है। अगर लगातार चलाओ तो आधे घंटे में घी निकाल देगा। तभी दूसरा शख्स कहता है कि पानी नहीं मिला रहे हैं, इसमें सिर्फ दूध है। हम केवल बर्फ मिला रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और इंस्टाग्राम पर तेजी से फैल रहा है। जिसे देखकर लोग कमेंट भी कर रहे हैं।

एक्स पर एक यूजर साफ-सफाई का हवाला देता हुआ नजर आया। उसने लिखा- तभी तो रुक कर कहीं भी पीने का मन नहीं करता है। वहीं दूसरे शख्स ने और बढ़ते हुए कमेंट किया- बीमार हो जाओगे। नीचे फिल्टर में गंदगी होती है। साथ में और भी तमाम तरह की चीजें। दीपक जैन नामक यूजर ने एक कदम और आगे बढ़ते हुए कहा कि दही से छाछ घी बनाने के लिए तो वाशिंग मशीन मैंने भी कई ग्राहकों को दी है।

आशुतोष नामक यूजर ने तंज करके मजाकिया अंदाज में लिखा- अरे दादा, नीला ड्रम ही ले आते, ये सब क्या देखना पड़ रहा है। एक अन्य यूजर ने लिखा- पंजाब ने सबसे पहले वॉशिंग मशीन का इस्तेमाल लस्सी बनाने के लिए किया था। वो जुगाड़ बनाने में सबसे आगे हैं। इनका समर्थन करते हुए एक अन्य कमेंट भी था- पंजाब मैं ढाबो मैं वाशिंग मशीन मैं लस्सी 1997 से बन रही है।