Agra Celebrates Dr B R Ambedkar Jayanti Amidst Infrastructure Concerns बोले आगरा, टूटी सड़कें और चोक नालियां शोभायात्रा में बड़ी दुश्वारियां, Agra Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsAgra NewsAgra Celebrates Dr B R Ambedkar Jayanti Amidst Infrastructure Concerns

बोले आगरा, टूटी सड़कें और चोक नालियां शोभायात्रा में बड़ी दुश्वारियां

Agra News - आगरा में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर शोभायात्रा की तैयारियों में उत्साह है, लेकिन मार्ग की खराब स्थिति और प्रशासनिक सहयोग की कमी से समिति के सदस्य चिंतित हैं। टूटी सड़कें, चोक नालियां और...

Newswrap हिन्दुस्तान, आगराSun, 13 April 2025 01:52 AM
share Share
Follow Us on
बोले आगरा, टूटी सड़कें और चोक नालियां शोभायात्रा में बड़ी दुश्वारियां

आगरा। भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर निकलने वाली शोभायात्रा और भीमनगरी समारोह को लेकर शहर में उत्साह चरम पर है। आयोजन की तैयारियों में समिति के पदाधिकारी दिन-रात जुटे हैं, लेकिन मार्ग की दुर्दशा और प्रशासनिक सहयोग की कमी से वे चिंतित हैं। काजीपाड़ा स्थित डॉ. आंबेडकर भवन से निकलने वाली मुख्य शोभायात्रा मार्ग पर टूटी सड़कें, चोक नालियां, बहता सीवर और खराब लाइट व्यवस्था परेशानी का कारण हैं। समिति ने मार्ग दुरुस्त करने, नाले की तलीझाड़ सफाई कराने, महिला सुरक्षा और सतरंगी रोशनी की मांग की है ताकि आयोजन गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके। भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में निकलने वाली शोभायात्रा एवं भीमनगरी समारोह के प्रति उल्लास चरम पर है। तैयारियों का नजारा शहर के विभिन्न इलाकों में दिखने लगा है। देश को संविधान देने वाली प्रख्यात शख्सियत का समाज को जगाने में योगदान आज भी याद किया जाता है। उनकी स्मृति में प्रस्तावित कार्यक्रम आयोजन के लिए बनी कमेटियों के पदाधिकारी दिन रात समारोह की सफलता के लिए काम कर रहे हैं। इनकी एक बड़ी शिकायत है। कहते हैं कि इस आयोजन के लिए प्रशासनिक सहयोग अपेक्षा के अनुसार नहीं मिल रहा।

डॉ. बीआर आंबेडकर जयंती समारोह समिति के अध्यक्ष चौधरी सुरेंद्र सिंह सक्सेरिया बताते हैं कि काजीपाड़ा के डॉ. आंबेडकर भवन के मुख्य द्वार के बाहर से मुख्य शोभायात्रा निकलती है। वहां का हाल बेहाल है। इसके आसपास की एक दर्जन से ज्यादा बस्तियों के लोग परेशान हैं। आंबेडकर भवन के आसपास स्थित बस्तियां शोभा टीला शेख मन्नू, साध वाली बस्ती, खेत वाली बस्ती, लगायत नाले की पुलिया, तलैया काजीपाड़ा, बंसल बिल्डिंग, बड़ी बस्ती, थरास पुलिया वाली बस्ती, पानी वाली बस्ती, स्वरूप नगर मोहल्ला, लोका का टीला, कटरा गढरियान, टीला नंदराम, चक्कीपाट, पुरानी सब्जी मंडी बदहाल हैं। टूटी सड़कें, खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट, शोभायात्रा मार्ग की बदहाली, सड़कों पर बहता सीवर का पानी, नाले की सफाई इस आयोजन में बड़ी अड़चन है।

सीवर समस्या का किया जाए समाधान: शोभायात्रा मार्ग पर सीवर की विकराल समस्या है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई स्थानों पर सीवर ओवरफ्लो हो रहा है। मलमूत्र सड़कों पर बह रहा है। दुर्गंध के कारण सांस लेना तक मुश्किल हो गया है। कई बार अधिकारियों से इस बाबत शिकायत कर चुके हैं। इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शोभायात्रा से पहले सीवर की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो काफी दिक्कत आएगी। शोभायात्रा निकालने में मुश्किल खड़ी हो जाएगी। अधिकारियों की इस लापरवाही से स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी है। कई बार बच्चे गंदे पानी में गिर जाते हैं। गंदगी की वजह से लोग घर से बाहर नहीं निकल पाते हैं। लोगों ने ये भी कहा कि अगर शोभायात्रा से पहले सीवर की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो मजबूरन उन्हें प्रदर्शन करना पड़ेगा।

मार्ग दुरुस्त करने की मांग

आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर की शोभा यात्रा मार्ग को दुरुस्त कराने की मांग डॉ. बीआर आंबेडकर जयंती समारोह समिति के पदाधिकारियों ने की है। काजीपाड़ा, कटरा गड़रियान के आंबेडकर भवन से निकलते ही शोभा यात्रा को टूटी सड़कों से गुजरना होगा। टीला शेख मन्नू, नाला काजी पाड़ा, शिवाजी मार्केट, तलैया, काजीपाड़ा, बंसल बिल्डिंग के पीछे और मुख्य मार्ग पर तमाम जगह सड़क बदहाल है। इसके अलावा शहर के जिन-जिन क्षेत्रों से शोभा यात्रा निकलेगी उन तमाम मार्गों पर गड्ढे हैं। इनको जल्द दुरुस्त करने की मांग समिति के पदाधिकारियों ने अधिकारियों से की है।

नाले की हो तलीझाड़ सफाई

आगरा। शोभा यात्रा स्थल के सामने नाले की सफाई नहीं होना क्षेत्रीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नाले की तलीझाड़ सफाई सालों से नहीं हुई है। इस कारण इलाके की तमाम बस्तियों में पूरे दिन दुर्गंध रहती हैं। कई बार लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। स्थानीय निवासी अरुण कुमार नागर का कहना है कि नाले की तलीझाड़ सफाई जल्द होनी चाहिए। बिल्लू का कहना है कि कई सालों से नाले की सफाई नहीं देखी है। सीवर का पानी सड़कों पर बह रहा है। कई बार शिकायत के बाद भी दिक्कत का निराकरण नहीं हो पा रहा है।

महिला सुरक्षा हो पुख्ता

आगरा। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि शोभायात्रा में सैकड़ों महिला अनुयायी भी शामिल रहती हैं। समिति पदाधिकारियों ने शोभायात्रा के दौरान पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की मांग की है। कहा कि शोभायात्रा में शामिल होने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिए अलग से महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए। जिससे छेड़छाड़ की घटनाओं पर अंकुश लगे।

बस्तियों में हो सतरंगी रोशनी

आगरा। काजीपाड़ा स्थित डॉ. आंबेडकर भ‌वन के मुख्य द्वार से पिछले 69 सालों से शोभा यात्रा का शुभारंभ होता है। यह स्थान काफी पवित्र है, इसलिए इस स्थान के आसपास नगर निगम की ओर से रोशनी कराई जानी चाहिए। समिति पदाधिकारियों का कहना है कि डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर 13, 14 और 15 अप्रैल को टीला शेख मन्नू, कटरा गड़रियान, नाला काजी पाडा, टीला नंद राम, चक्कीपाट आदि में विशेष लाइटिंग हो।

वर्जन (फोटो)-

14 अप्रैल को काजीपाड़ा क्षेत्र से भीमनगरी की शोभायात्रा निकाली जाएगी। मेरे द्वारा अक्टूबर माह से निगम अधिकारियों को ज्ञापन दिए जा रहे हैं। इसके बाद भी अब तक विकास कार्य शुरु नहीं हो पाए हैं। साफ-सफाई की व्यवस्था भी सही नहीं है।

इं. सुरेंद्र सिंह सक्सेरिया- समिति अध्यक्ष

काजीपाड़ा क्षेत्र में समाज का सामुदायिक आंबेडकर भवन है। इसकी मरम्मत के लिए अधिकारियों को जानकारी दे दी गई थी। जयंती में अब समय नहीं बचा है। मरम्मत कार्य नहीं कराया गया है। जिला प्रशासन द्वारा लापरवाही बरती जा रही है।

विजय कुमार राणा

क्षेत्र में सीवर की समस्या है। कई जगहों पर सीवर उफान मार रहे हैं। मलमूत्र सड़कों पर बह रहा है। दुर्गंध फैलने से लोगों को दिक्कत हो रही है। कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। इस तरफ भी ध्यान दिया जाए।

नरेश कुमार

नियमित साफ-सफाई न होने से स्थिति काफी खराब हो गई है। जगह जगह गंदगी फैली पड़ी है। कई बार शिकायत कर चुके हैं। इसके बाद भी अब तक जिम्मेदार अधिकारियों ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं कराई है। हर दिन परेशानी झेलनी पड़ रही है।

हीरेंद्र कुमार हीरो

टीला शेख मन्नू, साध वाली बस्ती मकान नंबर 23/167 से 23/177 तक आम रास्ता है। यहां अंधेरा रहता है। दिक्कत दूर करने के लिए विद्युत स्ट्रीट एलईडी लाइटें लगाए जाने की व्यवस्था की जानी चाहिए। खराब हो चुकी स्ट्रीट लाइटों को बदला जाना चाहिए।

नीतू

आस पास के मोहल्लों में काफी संख्या में बंदरों के झुंड रहता है। बंदर कई बार आक्रामक होकर लोगों पर हमला कर चुके हैं। इससे बच्चे डरे रहते हैं। कई लोग घायल हुए हैं। निगम अधिकारियों से मांग है कि बंदरों की समस्या का समाधान किया जाए।

कशिश

खेत वाली बस्ती में चौ. बाबू लाल के मकान से लगायत नाला तक नालियां क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। लगातार शिकायत करने के बाद भी नालियों की अब तक मरम्मत नहीं हो पाई है। इस कारण जलभराव की समस्या होती है। समस्या का जल्दी निस्तारण किया जाए।

अंजू

मकान नंबर 23/187 टील शेख मन्नू, लगायत नाले की पुलिया के पास बने शौचालय का फर्श टूटा पडा है। शौचालय में काफी गंदगी रहती है। नियमित साफ-सफाई नहीं हो पाती है। शौचालय की मरम्मत कराई जाए। सफाई का पुख्ता इंतजाम किया जाए।

राधा

तलैया काजी पाड़ा, बंसल बिल्डिंग के पीछे, टीला शेख मन्नू, साध वाली बस्ती, बड़ी बस्ती, फरास पुलिया वाली बस्ती, पानी वाली बस्ती, स्वरूप नगर मोहल्ला में नालियों की स्थिति खराब है। क्षतिग्रस्त नालियों की प्राथमिकता से मरम्मत कराए जाने की जरूरत है।

चौधरी सुरेंद्र सिंह

भीमनगरी महोत्सव बड़ा आयोजन होता है। लाखों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। मेरी यही मांग है कि 13, 14 और 15 अप्रैल को टीला शेख मन्नू, कटरा गड़रियान, नाला काजी पाडा, टीला नंद राम, चक्कीपाट, स्वरूप मौहल्ले में आकर्षक लाइटिंग कराई जाए।

पीएन सिंह कर्दम

शोभायात्रा निर्धारित मार्ग से निकाली जाएगी। कई स्थानों पर विद्युत और टेलीफोन के तार झूल रहे हैं। इससे शोभायात्रा के दौरान हादसे का खतरा रहता है। नीचे लटके व झुके हुये तारों को ऊंचा किया जाए। जिससे शोभायात्रा में किसी तरह की दिक्कत न हो।

कुशकांत

समिति के मुख्य कार्यालय डॉ. आंबेडकर भवन कटरा गड़रियान, टीला शेख मन्नू, नाला काजी पाड़ा में खंभे पर स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थी। बंदरों ने लाइटें तोड़ डाली है। खंभे को क्षतिग्रस्त कर दिया है। बंद लाइटें को जल्दी सही कराए जाने की जरूरत है।

बच्चू सिंह

काजीपाड़ा क्षेत्र से बड़ा नाला गुजर रहा है। काफी समय से इस नाले की तलीझाड़ सफाई नहीं कराई गई है। कई बार हादसे भी हो चुके हैं। मेरी यही मांग है कि बारिश से पहले नाले की तली झाड़ सफाई कराई जाए। नाले की समस्या का स्थाई समाधान किया जाना चाहिए।

दामोदर

शोभायात्रा मार्ग में कई स्थानों पर सडकों, पुलियाओं, नालियों की हालत सही नहीं है। शोभायात्रा मार्ग में आने वाली सभी सड़कों की शोभायात्रा से पहले मरम्मत कराई जानी चाहिए। इसके किसी तरह की लापरवाही नहीं की जानी चाहिए। काम समय से पूरा होना चाहिए।

विन्नी कुमार

शोभायात्रा मार्ग में बंसल बिल्डिंग के पीछे मोहल्ला तलैया काजी पाड़ा में कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां काफी नीचे तक लटकी हुई हैं। इस शोभायात्रा निकलने में दिक्कत होती है। पेडों की डालियों को जमीन से लगभग 20 फुट तक कटवा कटावाकर ऊंचा करवाया जाए।

विनोद कुमार

नाला काजीपाड़ा स्थित नाले की तलीझाड़ सफाई वर्ष 2011 से नहीं हुई है। इसके कारण पीछे के नालों से पानी का दवाव बढ़ता है। नाले का पानी ओवर फ्लो होकर सड़क पर बहने लगता है। बारिश के मौसम में नाले का पानी लोगों के घरों में भर जाता है। काफी दिक्कत होती है।

जीवन कर्दम

बाबा साहब की जयंती के अवसर पर डॉ. बीआर आंबेडकर भवन, शोभायात्रा मार्ग समेत सभी बौद्ध विहारों और आंबेडकर भवन और पार्कों की सफाई, रंगाई पुताई अभी तक नही कराई गई है। लोगों में काफी नाराजगी है। आंबेडकर शोभायात्रा से पहले सभी काम पूरे कर लिए जाएं।

सेवक

समिति कार्यालय के पास मोहल्ला बड़ी बस्ती, टीला शेख मन्नू, खेत वाली बस्ती, पानी वाली बस्ती, स्वरूप नगर, लोका का टीला व रावली पर स्थित सार्वजनिक शौचालय की स्थिति बहुत ज्यादा खराब हो चुकी है। इससे स्थानीय महिलाओं को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है।

अशोक कुमार

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।