धूप से झुलसा शरीर, दिनभर बरसती रही आग
Azamgarh News - आजमगढ़ में भीषण गर्मी और उमस का कहर जारी है, मंगलवार को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। लोग गर्मी से बेहाल हैं और मौसम विभाग ने अगले दिनों में तापमान 43-44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की...
आजमगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। भीषण गर्मी और उमस का कहर जारी है। मंगलवार को लगातार दूसरे दिन जिले में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दिनभर आसमान से आग बरसती रही। सुबह साढ़े दस बजे के आसपास ही पारा 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। दिनभर लू चलने के कारण लोग बेहाल नजर आए। रविवार के बाद से भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। मौसम विभाग ने सप्ताह भर तक ऐसे ही प्रचंड गर्मी की संभावना जताई है। पिछले दो दिनों से पारा 41 डिग्री सेल्सियस के ऊपर जाने के कारण तपन बढ़ गई है। धूप इस कदर तेज हो रही है कि सुबह आठ बजे के बाद ही घर से निकलना मुश्किल हो जा रहा है।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पारा 41 के पार पहुंचने के बाद लोग गर्मी से बेचैन नजर आए। दोपहर के वक्त घरों में भी तपन महसूस हो रही थी। पंखे और कूलर गर्म हवा फेंक रहे थे। जिससे लोगों को आराम नहीं मिल पा रहा था। बच्चों और बुजुर्गों को काफी दिक्कत हुई। सरकारी कार्यालयों में फरियादियों के साथ ही कर्मचारी भी बेचैन नजर आए। कलक्ट्रेट, विकास भवन, कृषि विभाग, समाज कल्याण विभाग समेत सभी कार्यालयों में गर्मी के कारण लोगों की हालत खराब थी। दोपहर में शहर के अधिकांश इलाकों में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग बहुत जरूरी होने पर बाहर निकले। चौक, पुरानी कोतवाली, पुरानी सब्जी मंडी, तकिया, पहाड़पुर, आराजीबाग, हर्रा की चुंगी, सिविल लाइंस, रोडवेज, मड़या, रैदोपुर जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी सन्नाटा पसरा। गर्मी का असर इस कदर था कि शाम को धूप खत्म होने के बाद भी लोगों को तपन से राहत नहीं थी। थोड़ी देर चलने के बाद लोग पानी ढूंढने लग रहे थे। कई लोगों को उल्टी-दस्त की समस्या शुरू हो गई। उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों को हुई जो मकान की ऊपरी मंजिल में रह रहे हैं। भीषण गर्मी और तपन से ऊपरी मंजिल के कमरे भट्ठी की तरह धधक रहे थे। दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने पर तेज धूप के कारण लोगों की हालत बिगड़ जा रही थी। इनसेट आज और ऊपर जा सकता है पारा तेज धूप के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को तापतान और ऊपर जा सकता है। अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रविवार को अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। इसके बाद सोमवार और मंगलवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक-एक डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार को तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के ऊपर जा सकता है। हीटवेव चलने की भी आशंका जताई जा रही है। आपदा विशेषज्ञ चंदन कुमार ने बताया कि अब बारिश होने तक प्रचंड गर्मी पड़ेगी। इनसेट राहत के लिए नदियों और तालाबों में नहाते रहे लोग भीषण गर्मी और तपन के कारण लोगों की हालत बिगड़ जा रही है। बचाव के लिए लोग नदियों और तालाबों में नहा रहे हैं। इसके साथ ही लोगों ने घरों में व्यवस्था कर रखी है। तेज गर्मी के कारण अस्पतालों में मरीजों की भी संख्या बढ़ रही है। लोग तेजी से सर्दी-जुकाम, बुखार और डायरिया की चपेट में आ रहे हैं। मंडलीय अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. आरके कुशवाहा ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण लोगों की तबियत बिगड़ रही है। ऐसे में ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं। तली-भुनी और मसालेदार चीजों से दूरी बनाएं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।