सालगिरह पर पत्नी से मिलने ससुराल गए युवक की मौत
Azamgarh News - आजमगढ़ के अतरौलिया थाना क्षेत्र में 30 वर्षीय रवि कुमार की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। वह शादी की सालगिरह पर पत्नी को मनाने ससुराल गया था। विवाद के बाद पत्नी मायके चली गई थी। रवि ने अचानक गिरने के...

आजमगढ़, संवाददाता। अतरौलिया थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर निवासी एक युवक की सोमवार की शाम संदिग्धावस्था में मौत हो गई। वह शादी की सालगिरह पर पत्नी से मिलने के लिए ससुराल गया था। आठ माह पूर्व उसकी पत्नी नाराज होकर मायके चली गई थी। अतरौलिया थाना क्षेत्र के सिंकदरपुर निवासी 30 वर्षीय रवि कुमार मजूदरी करता था। 16 जून 2023 को अंबेडकर नगर के आलापुर थाना क्षेत्र के पगहरा गांव निवासी पूजा से उसकी शादी हुई थी। कुछ दिनों तक दोनों साथ रहे। आठ माह पूर्व दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद पूजा नाराज होकर मायके चली गई।
चार माह पूर्व रवि कुमार पत्नी को मनाने के लिए ससुराल गया, लेकिन वह नहीं मानी। 16 जून को शादी की सालगिरह पर रवि कुमार एक बार फिर पत्नी को मनाने के लिए सुसराल पहुंचा, लेकिन बात नहीं बनी। शाम को ससुराल के गांव की नहर के पास पहुचा और अचानक से गिर गया। किसी तरह से अपने घर और पड़ोसियों को फोनकर हालत खराब होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे अतरौलिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। मंडलीय अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।