Gunfire Erupts in Karimganj Over Old Rivalry Three Injured ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला करीमगंज गांव, तीन घायल, Badaun Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsBadaun NewsGunfire Erupts in Karimganj Over Old Rivalry Three Injured

ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला करीमगंज गांव, तीन घायल

Badaun News - दातागंज के करीमगंज गांव में पुरानी रंजिश के चलते ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। घटना में दो सगे भाई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल व्यक्तियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों...

Newswrap हिन्दुस्तान, बदायूंWed, 23 Oct 2024 06:06 PM
share Share
Follow Us on
ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला करीमगंज गांव, तीन घायल

दातागंज, संवाददाता। कोतवाली क्षेत्र के गांव करीमगंज में पुरानी रंजिश व मुकदमेबाजी के चलते दो पक्षों मे आमने सामने ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। गोली लगने से सगे दो भाइयों समेत दूसरे पक्ष का एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। दोनों सगे भाइयों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरे पक्ष के युवक को सीएचसी से बरेली रेफर कर दिया गया। खेत पर चली गोलियों की तड़तड़ाहट से आसपास खेतों में काम कर रहे किसान वहां से भाग निकले। घटना के बाद गांव में पुलिस तैनात की गई है।

गांव करीमगंज का खेतिहर इलाका मंगलवार देरशाम गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। गांव निवासी 32 वर्षीय संजीव व 30 वर्षीय सुनील पुत्रगण कृष्णपाल शाम अपने खेत पर बाजरा काट रहे थे। बताया जाता कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग असलहे लेकर खेत पर जा धमके। जहां दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी होने लगी। कहासुनी के दौरान मामले ने तूल पकड़ लिया और देखते-देखते दोनों पक्षों के लोगों के बीच फायरिंग होने लगी। ताबड़तोड़ फायरिंग में एक पक्ष के संजीव व सुनील व दूसरे पक्ष के 25 वर्षीय अमरजीत पुत्र वीरेंद्र गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुई फायरिंग से खेतों पर काम कर रहे किसानों में अफरातफरी मच गई।

सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और घायलों को लाकर सीएचसी पर भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद संजीव व सुनील को डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जबकि दूसरे पक्ष के अमरजीत को बरेली रेफर किया गया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।

...........................................................

22 बीडीएन 50--सुनील यादव।

22 बीडीएन 51--संजीव यादव।

पूर्व में भी हो चुकी गोलीबारी व मारपीट

गांव करीमगंज में रहने वाले दोनो पक्षों के बीच वर्चस्व की जंग दो साल पहले से चली आ रही है। जिस पक्ष का जब भी मौका लगता है वह दूसरे पक्ष पर हमला कर देता है। दूसरे गुट ने 15 दिन पहले संजीव के गांव निवासी मौसेरे भाई राजकुमार पुत्र बांके सिंह को गोली मार दी थी। जिसमें दूसरे पक्ष के लोगों पर जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद चार दिन पहले संजीव के पिता समरेर की बाजार करने गए थे। दूसरे पक्ष ने उनको रास्ते में घेर लिया और जमकर पीटा। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका सैफई मेडीकल कालेज में इलाज चल रहा है। संजीव के चचेरे भाई शीलेंद्र ने बताया कि घटना की तहरीर पुलिस को दी गई। लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। जिससे विरोधियों के हौंसले बुलंद हो गए और उन्होंने इस वारदात को अंजाम दे दिया।

दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव करीमगंज में फायरिंग की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जानकारी करने पर सामने आया कि दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश व मुकदमेबाजी को लेकर रंजिश चली आ रही है। गोली लगने से दोनों पक्षों की तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

केके तिवारी, सीओ दातागंज

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।