सीमावर्ती क्षेत्र में सरकारी हैंडपंप नहीं उगल रहे जल
Bahraich News - नवाबगंज ब्लॉक क्षेत्र में अधिकांश सरकारी हैंडपंप खराब पड़े हैं। गर्मी बढ़ने के साथ पानी की मांग भी बढ़ गई है। आंगनबाड़ी केंद्रों पर लगे हैंडपंप भी मरम्मत के लिए तरस रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई...

चरदा, संवाददाता। नवाबगंज ब्लॉक क्षेत्र में लगे अधिकांश सरकारी हैंडपंप खराब पड़े हुए हैं। कुछ के चबूतरे भी गायब हो गए हैं। राह गुजरने वाले हैंडपंप को देखकर पहुंचते हैं, लेकिन सूखे हैंडपंप को देखकर निराश हो रहे हैं। यहां तक की आंगनबाड़ी केंद्रों पर लगे हैंडपंपों की भी मरम्मत नहीं हो सकी है। गर्मी बढ़ने के साथ सूख रहे हलक को तर करने के लिए बच्चों को भी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। तराई का अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंच चुका है। कुछ दूरी चलने पर ही लोगों की हलक सूखने लगी है। लिहाजा पानी की मांग भी बढ़ गई है।ऐसे में ब्लॉक क्षेत्र के सार्वजिनक स्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों व गांवों में लगे हैंडपंप खराब है। बानगी के तौर पर ग्राम पंचायत मकनपुर के आंगनबाड़ी केंद्र में लगा हैंडपंप लंबे समय से खराब है। लक्ष्मणपुर सलारपुर गांव में कई सरकारी हैंडपंप सूखे पड़े हुए हैं। चबूतरे भी खराब हो चुके हैं। सुनीता आर्या, राममिलन, महेशकुमार,कमलेश, राम प्रकाश, रामनाथ, लवकुश, सुषमा का कहना है कि इंडिया मार्का हैंड पंप सिर्फ कागजों में चल रहे हैं। जबकि जमीन पर उसकी स्थिति बेहद खराब है। कई बार इसकी लिखित शिकायतें ब्लॉक पर की जा चुकी है, लेकिन जल्द ही ठीक कराने का आश्वासन दिया जा रहा है। अब गर्मी बढ़ने लगी है। पानी की मांग भी बढ़ गई है। हैंडपंप खराब होने से आंगनबाड़ी व स्कूलों के बच्चे भागकर घर आते हैं। इससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है।
दूषित पानी उगलने वाले हैंडपंप रिबोर के लायक
ग्रामीणों का कहना है कि कई हैंडपंप रिबोर के लायक हैं। काफी देर तक हैंडिल चलाने पर पानी निकलता है। कुछ दूषित जल उगल रहे हैं। ऐसे में पानी पीने पर बीमार होने का डर बना रहता है।
कोट
खराब व रिबोर होने वाले हैंडपंपों की सूची पंचायतों को उपलब्ध कराना चाहिए। जिससे उनकी मरम्मत कराया जा सके। संबंधित सचिव व एडीओ पंचायत को निर्देश दिए जा रहे हैं। -अमन कुमार, बीडीओ, नवाबगंज
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।