भाजपा जिलाध्यक्ष को अपनी ही पार्टी के नेताओं से जान का खतरा, एसपी से सुरक्षा की गुहार
यूपी में बागपत के भाजपा जिलाध्यक्ष को अपनी ही पार्टी के नेताओं से जान का खतरा सता रहा है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मिलकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।

यूपी में अपनी सरकार होने के बाद भी भाजपा के जिलाध्यक्ष को जान का खतरा सता रहा है। वह भी अपनी ही पार्टी के नेताओं से हत्या की आशंका हो गई है। इसे लेकर उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर शिकायती पत्र दिया और सुरक्षा की गुहार लगाई। उन्हें पहले से भी सुरक्षा मिली हुई है। इसके बाद भी अपनी पुलिस सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। जिलाध्यक्ष ने आशंका जताते हुए कहा कि कुछ नेता मेरी हत्या करा सकते हैं, इसलिए मेरी पुलिस सुरक्षा बढ़ाई जाए। एसपी ने पुलिस सुरक्षा बढ़ाए जाने का आश्वासन दिया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसपी को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि साहब पिछले कुछ दिनों से मेरी ही पार्टी के कुछ नेता विरोधी बने हुए है। कुछ नेताओं से कहासुनी तक हो चुकी है। एक नेता ने मुझे अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। ऐसे में ये नेता मेरी हत्या भी करा सकते है।
उन्होंने बताया कि मुझे पुलिस सुरक्षा तो मिली हुई है, लेकिन उसमें केवल एक पुलिसकर्मी शामिल है। उनका रोजाना जिले के साथ ही अन्य जनपदों में आना-जाना लगा रहता है। कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी वे प्रतिभाग करते हैं। ऐसे में विरोधी नेता फायदा उठाकर उनकी हत्या करा सकते है। इसलिए उनकी सुरक्षा में इजाफा करते हुए कम से कम एक पुलिस कर्मी ओर बढ़ाया जाए। जिससे उनकी पुलिस सुरक्षा कुछ हद तक मजबूत हो जाएगी। एसपी सूरज कुमार राय ने भाजपा जिलाध्यक्ष को मामले की जांच कराने और पुलिस सुरक्षा बढ़ाए जाने का आश्वासन दिया।
जब योगी के लिए बंद रास्ते में घुसने की कोशिश की थी
जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय अक्सर चर्चा मेंं रहते हैंं। एक बार मुख्यमंंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन में उनके लिए बंद किए गए रास्ते से वेदपाल ने जबरिया घुसने की कोशिश की थी। इस दौरान एक कांस्टेबल से इनकी झड़प हो गई थी। विवाद इतना बढ़ गया था कि कांस्टेबल ने वेदपाल को सीधी धमकी देते हुए कहा कि पटककर फिट कर दूंगा।