bride father had gone to get bridegroom offering but met with an accident on way दूल्हे के लिए पीढ़ा लेने गए थे दुल्हन के पिता, रास्ते में हुए हादसे का शिकार, शादी वाले घर में मची चीख-पुकार, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUP Newsbride father had gone to get bridegroom offering but met with an accident on way

दूल्हे के लिए पीढ़ा लेने गए थे दुल्हन के पिता, रास्ते में हुए हादसे का शिकार, शादी वाले घर में मची चीख-पुकार

बलरामपुर में अलग-अलग थानाक्षेत्रों में बुधवार देर रात हुए तीन हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। गैंड़ास बुजुर्ग थाना क्षेत्र के छीतरपारा गांव में दुल्हन के पिता की मौत हुई है।

Dinesh Rathour लाइव हिन्दुस्तान, बलरामपुरThu, 1 May 2025 04:26 PM
share Share
Follow Us on
दूल्हे के लिए पीढ़ा लेने गए थे दुल्हन के पिता, रास्ते में हुए हादसे का शिकार, शादी वाले घर में मची चीख-पुकार

यूपी के बलरामपुर में अलग-अलग थानाक्षेत्रों में बुधवार देर रात हुए तीन हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। गैंड़ास बुजुर्ग थाना क्षेत्र के छीतरपारा गांव में दुल्हन के पिता की मौत हुई है, जबकि महराजगंज तराई थाना क्षेत्र में बारात से लौटते समय एक युवक की जान गई है। तीसरी दुर्घटना में बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार को जान गंवानी पड़ी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

गैंड़ास बुजर्ग थाना के छीतरपारा निवासी 45 वर्षीय शेषराम पुत्र मानिकराम की पुत्री सरोजा का बुधवार को विवाह था। बारात गोंडा जिले के गोर्राकोल्हुई गरीब गांव से आई थी। द्वारपूजा आदि कार्यक्रम सम्पन्न हो गया था। विवाह के समय दूल्हे को बैठने के लिए लकड़ी का पीढ़ा लाना शेषराम भूल गए थे। गांव के ही 40 वर्षीय झगरू पुत्र मतई पिड़िया बुजुर्ग में फर्नीचन की दुकान खोले हैं। शेषराम ने झगरू को बाइक पर बैठाया और पीढ़ा लाने रात करीब दो बजे निकल पड़े। गांव के ठीक सामने किसी वाहन ने दोनों बाइक सवारों को रौंद दिया। शेषराम की मौके पर ही मौत हो गई।

झगरू गंभीर हालत में पड़े कराहते रहे। काफी देर तक जब शेषराम नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। गांव से निकलते ही उनका शव पड़ा मिला। झगरू को सीएचसी ले जाया गया, जहां से उन्हें लखनऊ के लिए रेफर किया गया है। इधर शेषराम के शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई। जहां मंगलगीत गाये जा रहे थे वहां चीख पुकार मच गई। शव को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। शादी को लेकर काफी देर तक मंत्रणा होती रही। अंत में तय किया गया कि विवाह की रश्म पूरी कर ली जाए। भोर में सरोजा का विवाह सम्पन्न कराया गया। सुबह दस बजे विदाई करा दी गई। प्रभारी निरीक्षक राजीव मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

ये भी पढ़ें:ब्यूटी पार्लर गई दुल्हन गायब, पिता को पड़ा हार्ट अटैक; पांच घंटे बाद वापस लौटी

अनियंत्रित बाइक पोल से टकराई, एक की मौत एक घायल

थाना महराजगंज तराई के बरगदही निवासी 23 वर्षीय रिंकू पाठक पुत्र जगदम्बिका पाठक, 45 वर्षीय ओम प्रकाश बुधवार देर शाम महादेव हरिहर नगर शादी में शामिल होने गए थे। वे वहां काफी देर तक रुके रहे। लगभग 12 बजे रात को बाइक से दोनों घर के लिए रवाना हुए। रिंकू गाड़ी चला रहा था, जबकि ओम प्रकाश पीछे बैठे थे। थाना महराजगंज तराई स्थित खैरहनिया गांव मोड़ के पास बाइक अनियंत्रित होकर बिजली पोल से जा टकराई। आवाज सुनकर लोग दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने रिंकू के घर दुर्घटना की सूचना दी। निजी वाहन से उन्हें बलरामपुर मेमोरियल चिकित्सालय ले जाया गया। हालत गंभीर देखकर चिकित्सक ने उन्हें बहराइच मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। देर रात इलाज के दौरान बहराइच जिला अस्पताल में रिंकू की मौत हो गई। जबकि ओम प्रकाश की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद पाण्डेय ने बताया कि दुर्घटना से सम्बन्धित कोई सूचना उन्हें नहीं दी गई है।

बोलेरो की ठोकर से बाइक सवार युवक मौत

बुधवार रात लगभग साढ़े दस बजे हर्रैया थाना क्षेत्र के रमवापुर निवासी 20 वर्षीय नफीस बाइक से तुलसीपुर जा रहे थे। विपरीत दिशा से आ रही बोलेरो ने पूरनपुर गांव के निकट बाइक को ठोकर मार दी। आस पास मौजूद लोगों ने नफीस को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। दुर्घटना के बाद चालक बोलेरो छोड़कर फरार हो गया। इधर नफीस की हालत गंभीर देखकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। वहां से उन्हें मेमोरियल चिकित्सालय बलरामपुर के लिए रेफर किया गया। रास्ते में ही नफीस की मौत हो गई। तुलसीपुर के प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे ने बताया कि उन्हें दुर्घटना के बावत कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है।