प्रचंड गर्मी से हाल-बेहाल, उमस से गर्मी में पसीना-पसीना
Bulandsehar News - प्रचंड गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। उमसभरी गर्मी और तेज धूप से लोग बेहाल हैं। बाजारों में सन्नाटा है, और लोग घर से बाहर निकलने में हिचकिचा रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में बारिश...

प्रचंड गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। जनमानस के साथ पशु-पक्षी सभी बेहाल हो गए हैं। गुरुवार को पूरे दिन सूरज की तल्ख किरणों के साथ उमसभरी गर्मी ने पसीनों से तर-बतर कर दिया। दिनभर चलीं गर्म हवाओं ने लू के थपेड़ों का काम किया। हालांकि इस बीच बादलों की आवाजाही भी रही, लेकिन बारिश नहीं हुई। इसलिए उमस भी बढ़ गई। गर्मी के चलते लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। पूरे दिन शहर के बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। भीषण गर्मी ने अपना प्रकोप दिखाना शुरु कर दिया है। पिछले दो दिनों से गर्मी में हालत खराब हो गई है।
शरीर से पसीना रूकने का नाम नहीं ले रहा है। सबसे ज्यादा स्थिति गुरुवार को खराब रही। सुबह आठ बजे से ही गर्मी ने अपना असर दिखाया। उमस के चलते लोग पसीनों से भीगे रहे। दोपहर तक अधिकतम तापमान 37 डिग्री न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं की वजह से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उमसभरी गर्मी से बचाव के लिए लोग विभिन्न प्रयास करते रहे, लेकिन राहत नहीं मिल सकी। कूलर-पंखा में भी पसीना नहीं सूख सका। गर्मी में एसी में भी कट लगते रहे। घर से जरूरी काम से निकले लोग पेड़ की छांव तलाशते रहे। छाता, अंगोछा आदि गर्मी से राहत सामग्री लेकर निकले। वहीं बादलों की उमड़-घुमड़ भी होती रही। इससे उमसभरी गर्मी का असर भी तेज हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक कुछ दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है। - चार दिन में चार डिग्री गिरेगा तापमान मौसम विभाग की मानें तो आगामी चार दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है। इस दौरान न्यूनतम तापमान पांच डिग्री गिरावट के बाद 22 पर और अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने का अनुमान है। इससे गर्मी में राहत मिलने की उम्मीद है। - बाजारों में पसरा रहा सन्नाटा शहर के बाजारों में गर्मी के चलते सन्नाटा पसरा नजर आया। गर्मी का असर बाजारों में दिखाई दिया और खरीदारी करने के कम लोग ही निकले। दोपहर में लोग बाजार जाने से बचते नजर आए। गर्मी में गले को तर करने के लिए लोग तमाम जतन करते नजर आए। ऐसे में आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक्स, जूस की मांग बढ़ी। - पशु-पक्षी भी बेहाल, बारिश की प्रार्थना करते रहे लोग गर्मी में हर कोई बेहाल हो गया। पशु-पक्षी भी परेशान हैं। वहीं गुरुवार को गर्मी का असर तेज होने पर लोग बारिश के लिए भगवान से प्रार्थना करते रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।