बुलंदशहर : किराना व्यापारी को गोली मारने वाला बदमाश मुठभेड़ में घायल
Bulandsehar News - बुलंदशहर में सिकंदराबाद कोतवाली पुलिस की चेकिंग के दौरान 10 दिन पहले किराना व्यापारी को गोली मारने वाले बदमाश से मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश घायल हो गया। उसके पास से बाइक, तमंचा और...
बुलंदशहर। सिकंदराबाद कोतवाली पुलिस की चेकिंग के दौरान 10 दिन पूर्व किराना व्यापारी को गोली मारने वाले बदमाश से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उससे बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात पुलिस एक सूचना पर ग्राम जौली गेट के पास चेकिंग कर रही थी। उसी समय ग्राम जौली की तरफ से बाइक पर दो संदिग्ध युवक आते हुए दिखाई दिये जिनको रुकने को कहा पर वे पुलिस पर फायरिंग करते हुए जंगल की तरफ जाने वाले रास्ते पर भागने लगे।
पुलिस ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर बदमाशों की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाते हुए भागने में सफल रहा। सीओ ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान सुमित निवासी ग्राम जौली के रूप में हुई हैं। उसके कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस व बाइक बरामद हुई है। बताया कि गिरफ्तार बदमाश शातिर किस्म का अपराधी है। उसने 30 अप्रैल को जेवर तिराहे पर एक किराना व्यापारी सुरेश चंद को गोली मारी थी। इसी मामले में पुलिस एक अन्य आरोपी नितिन को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।