इटावा में रूपा के दो शावकों के पालन पोषण में जुटा सफारी प्रबंधन
Etawah-auraiya News - इटावा सफारी में शेरनी रूपा के दो शावकों की देखरेख की जा रही है। रूपा ने चार शावकों को जन्म दिया था, लेकिन दो शावकों की मौत हो गई। शावकों को उनकी मां से अलग कर दिया गया है और अब उन्हें हैंडफीडिंग कराई...

इटावा सफारी में शेरनी रूपा के दो शावकों की देखरेख सफारी प्रबंधन कर रहा है। इन दोनों शावकों को उनकी मां शेरनी रूपा से अलग कर दिया गया है और वहां उनकी हैंडफीडिंग कराई जा रही है। डाक्टर व कीपर इन शावकों की पूरी देखरेख कर रहे हैं और अभी यह शावक स्वस्थ हैं। सफारी में शेरनी रूपा ने 20, 21 अप्रेल की रात को चार शावकों को जन्म दिया था। उसने इन शावकों को दूध पिलाना भी शुरु कर दिया था लेकिन जन्म के दो दिन बाद ही शेरनी रुपा लापरवाही से दूध पिलाने के बाद शावको के ऊपर बैठ गई। इससे दो दिनों में उसके दो शावकों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद शावकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सफारी प्रबंधन ने बचे हुए दो शावको को रूपा से अलग कर दिया और उन्हे दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया गया है। यहां पर कीपर और डाक्टर इन शावकों का पूरा ध्यान रख रहे हैं। मां से अलग होने के कारण इन शावकों को मां का दूध नही मिल पा रहा है इसलिए इनकी हैंड फीडिंग कराई जा रही है। इस कार्य को सफारी के डाक्टर व कीपर बखूबी अंजाम दे रहे हैं। यह कर्मचारी इससे पहले भी कई शावकों को हैंडफीडिंग करा चुके हैं। सफारी के डायरेक्टर अनिल पटेल ने बताया कि यह शावक स्वस्थ हैं, इनका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
रूपा के पहले शावक को भी कराई गई हैंडफीडिंग
सफारी में शेरनी रूपा का व्यवहार अपने शावकों के प्रति अच्छा नही रहा है। इससे पहले 3 सितम्बर 23 को रूपा ने दो शावकों को जन्म दिया था इनमें से रूपा के रवैए के चलते ही एक शावक की मौत हो गई थी। इसे देखते हुए दूसरे शावक को रूपा से अलग कर दिया गया था। उसे कीपर और डाक्टर ने हैंडफीडिंग कराई। इसके चलते वह शावक स्वस्थ है। अपना भोजन ले रहा है और इस समय उसका बजन करीब एक सौ किलो का हो गया है। अब रूपा के इन दो शावकों के पालन पोषण की जिम्मेदारी सफारी प्रबंधन उठा रहा है।सफारी प्रबंधन को उम्मीद है कि इन्हे भी पाल पोस कर बड़ा कर लिया जाएगा। शेरनी रुपा के असामान्य व्यवहार के चलते 2024 में उसका गर्भपात भी हो गया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।